भारतीय महिला हॉकी टीम कैंप में चयनित हुईं पूजा यादव, गंगापुर में खुशी की लहर

vns
WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। रोहनियां क्षेत्र के गंगापुर की बेटी पूजा यादव ने अपने हुनर और कड़ी मेहनत से क्षेत्र का नाम रोशन किया है। भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए 23 से 30 मार्च 2025 तक साईं सेंटर, बेंगलुरु में लगने वाले सीनियर कैंप में उनका चयन हुआ है। इस उपलब्धि से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। गंगापुर एकेडमी के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों ने मिठाई खिलाकर खुशी मनाई।

पूजा यादव गंगापुर की रहने वाली हैं। उनके पिता महेंद्र यादव दूधिया का व्यवसाय करते हैं और माता कलावती देवी गृहिणी हैं। पूजा छह बहनों में पांचवें स्थान पर हैं और उनका एक छोटा भाई भी है। सीमित संसाधनों के बावजूद, उन्होंने अपने खेल कौशल और मेहनत के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।

शानदार उपलब्धियों से मिली राष्ट्रीय पहचान
गंगापुर एकेडमी में हॉकी की शुरुआती ट्रेनिंग लेने वाली पूजा ने पहले जूनियर नेशनल में गोल्ड मेडल जीता। इसके बाद, उन्होंने खेलो इंडिया में उत्तर प्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया। हाल ही में, सीनियर नेशनल साईं डिपार्टमेंटल में उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल भी जीता। लगातार सीनियर नेशनल प्रतियोगिताओं में उत्तर प्रदेश की टीम से खेलकर उन्होंने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है।

गंगापुर एकेडमी में खुशी का माहौल
गंगापुर एकेडमी के अध्यक्ष मोहम्मद हुसैन अंसारी ने कहा कि अनुशासन और कड़ी मेहनत का परिणाम ही पूजा का चयन है। एकेडमी के सचिव अवधेश लाल मौर्य ने उम्मीद जताई कि यदि पूजा भारतीय टीम में चयनित होती हैं, तो यह क्षेत्र की अन्य हॉकी खिलाड़ियों के लिए एक प्रेरणास्रोत होगा। क्लब के कोषाध्यक्ष और तहसील बार एसोसिएशन के महामंत्री प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि पूजा का भारतीय टीम में चयन गंगापुर एकेडमी के संस्थापक स्वर्गीय गुलाब प्रसाद मौर्य को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। स्थानीय सभासद चरण दास गुप्ता ने पूजा के घर जाकर उनके माता-पिता को बधाई दी। एकेडमी के उपाध्यक्ष विजय राजभर, मैनेजर रोहित मोदनवाल समेत क्षेत्रवासियों और खिलाड़ियों ने मिठाइयां बांटकर पूजा के उज्जवल भविष्य की कामना की।

Share this story

News Hub