स्कूल-कॉलेजों में सीसीटीवी कैमरों की जांच करेगी पुलिस, कमियों पर जारी होगी नोटिस, पुलिस कमिश्नर ने दिए निर्देश, रिक्रूट आरक्षियों को दिया इनाम 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मंगलवार को थाना सारनाथ का निरीक्षण कर सर्किल के अंतर्गत आने वाले थानों की पुलिसिंग, लंबित एवं कालबाधित विवेचनाओं और कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विवेचनाओं में गुणवत्तापूर्ण साक्ष्य संकलन, प्रभावी पर्यवेक्षण और समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया। उन्होंने शिक्षण संस्थानों का निरीक्षण कर सीसीटीवी कैमरों की जांच और कमियों पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। पुलिस कमिश्नर ने पुलिसिंग एवं तकनीकी विषयों पर आयोजित प्रश्नोत्तरी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छह रिक्रूट आरक्षियों को 500-500 रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने अपराध नियंत्रण, जनसुनवाई, महिला सुरक्षा और पुलिसकर्मियों के कल्याण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। थाना गोद लेने की पहल के तहत अधिकारियों को नियमित पर्यवेक्षण कर कमियों का समयबद्ध समाधान कराने के निर्देश दिए।

123

साइबर और तकनीकी पुलिसिंग पर जोर
पुलिस आयुक्त ने रिक्रूट आरक्षियों से साइबर सुरक्षा, प्रतिबिम्ब एप, सीसीटीएनएस, आरटीसी, जेडएफडी, फॉरेंसिक जांच, साक्ष्य संकलन, सीडीआर और आईपीडीआर से संबंधित सवाल पूछे। उन्होंने पुलिसकर्मियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने और आधुनिक संसाधनों के प्रभावी इस्तेमाल के निर्देश दिए। नए आरक्षियों का साप्ताहिक मूल्यांकन करने और उन्हें बीट आवंटित करने को भी कहा।

महिला सुरक्षा के लिए नियमित जागरूकता अभियान
मिशन शक्ति केंद्र की महिला पुलिसकर्मियों को विद्यालयों, हॉस्टलों और कोचिंग संस्थानों में नियमित जागरूकता कार्यक्रम चलाने के निर्देश दिए गए। महिलाओं एवं छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याएं जानने तथा 1090, 112 और 1930 हेल्पलाइन के बारे में जानकारी देने पर जोर दिया गया। शिक्षण संस्थानों में सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता और क्रियाशीलता की नियमित जांच करने को कहा गया। कमियां मिलने पर संबंधित संस्थानों को नोटिस देने और संदिग्ध गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

123

जनसुनवाई और यातायात व्यवस्था की समीक्षा
पुलिस आयुक्त ने जनसुनवाई में आने वाले लोगों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने और उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने को कहा। यातायात सुचारू रखने के लिए नियमित स्थलीय निरीक्षण, अतिक्रमण हटाने और जाम की स्थिति रोकने के निर्देश दिए। थाना परिसर में साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, महिलाओं के लिए अलग शौचालय और पुलिसकर्मियों को स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

इन छह आरक्षियों को मिला पुरस्कार
प्रश्नोत्तरी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों में थाना चोलापुर की महिला आरक्षी अनुप्रिया पटेल, थाना चौबेपुर की महिला आरक्षी पूनम देवी और आरक्षी प्रियांशु दुबे तथा थाना सारनाथ के आरक्षी रजत शाही, महिला आरक्षी प्रियंका देवी और गार्गी सिंह शामिल हैं। इस दौरान डीसीपी वरुणा जोन राजेश कुमार पांडेय, एडीसीपी लिपि नगायच सहित संबंधित एसीपी और पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

Share this story