स्कूल-कॉलेजों के आसपास पुलिस की सघन निगरानी, छात्राओं पर अभद्र टिप्पणी करने वाले 101 मनचलों को पहुंचाया सलाखों के पीछे 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण के उद्देश्य से वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण के तहत विशेष अभियान चलाया। पुलिस आयुक्त के निर्देशन में संचालित अभियान के दौरान को-एड और बालिका विद्यालयों के आसपास एंटी रोमियो टीम, मिशन शक्ति टीम तथा संबंधित थानों की पुलिस ने सघन चेकिंग, गश्त और निगरानी की।

अभियान के तहत स्कूलों और छात्राओं के आवागमन वाले प्रमुख मार्गों पर पुलिस टीमों ने भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान मनचलों, शोहदों और अराजक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई। छात्राओं का पीछा करने, उन्हें परेशान करने अथवा सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा में बाधा डालने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की।

वाराणसी पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा में बाधा उत्पन्न करने वाले लोगों के खिलाफ कुल 43 मुकदमे दर्ज किए गए। इसके अलावा 101 व्यक्तियों का चालान किया गया। पुलिस ने सभी मामलों में नियमानुसार विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही है।

महिला अपराध पर जीरो टॉलरेंस
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला अपराध के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। किसी भी महिला या बालिका की शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई करने के साथ दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य महिलाओं और छात्राओं के लिए ऐसा सुरक्षित वातावरण तैयार करना है, जहां वे बिना भय के अपने दैनिक कार्य कर सकें।

मिशन शक्ति अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने सुरक्षा के साथ-साथ महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक भी किया। छात्राओं को किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करने और असामाजिक गतिविधियों की सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस के अनुसार, लगातार चल रहे एंटी रोमियो चेकिंग और जागरूकता अभियानों से महिलाओं में सुरक्षा की भावना और आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद मिल रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिला सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने कहा कि एंटी रोमियो चेकिंग, गश्त, निगरानी और जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। सुरक्षित, सम्मानजनक और सशक्त वातावरण बनाने के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Share this story