पुलिस भर्ती परीक्षा: 50 केंद्रों पर कड़ी निगरानी के बीच शुरू हुई परीक्षा, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने परीक्षा केंद्रों का लिया जायजा 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा के तहत कांस्टेबल पदों के लिए जिले के 50 परीक्षा केंद्रों पर 8, 9 और 10 जून को परीक्षा आयोजित की जा रही है। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था लागू की है। रविवार को अपर पुलिस आयुक्त व अधिकारियों ने सभी केंद्रों पर तैयारियों का अंतिम निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा।

परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। प्रत्येक पाली में 22,032 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे, जबकि प्रतिदिन कुल 44,064 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।

123

परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। सभी अभ्यर्थियों की सघन जांच, स्कैनिंग और पहचान सत्यापन के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जा रहा है। केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, केंद्रों पर ड्यूटी कर रहे शिक्षकों और कर्मचारियों को फोटोयुक्त पहचान पत्र जारी किए गए हैं।

1223

सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट सुबह से ही अपने-अपने केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। इसी क्रम में मैदागिन स्थित हरिश्चंद्र बालिका इंटर कॉलेज में परीक्षा संबंधी तैयारियों और सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण किया गया।

123

अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा ने बताया कि भर्ती परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या गड़बड़ी रोकने के लिए सभी केंद्रों पर सतत मॉनिटरिंग की जा रही है।

वहीं एडीसीपी काशी वैभव बांगर ने भी विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और पुलिस बल की तैनाती का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नकल, संदिग्ध गतिविधियों अथवा किसी भी अव्यवस्था की सूचना मिलते ही तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Share this story