सारनाथ में जुए के अड्डे पर पुलिस की छापेमारी, आठ गिरफ्तार, नकदी और ताश के पत्ते बरामद
वाराणसी। सारनाथ पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से जुए में दांव पर लगाए गए 12,500 रुपये, तलाशी के दौरान मिले 6,900 रुपये और 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि सारनाथ थाना क्षेत्र के ग्राम टड़िया चकबीही में सीताराम राजभर के खाली प्लॉट पर कुछ लोग हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। इस दौरान जुआ खेलने के आरोप में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया। मामले में थाना सारनाथ में मुकदमा अपराध संख्या 513/2026 के तहत धारा 13 जुआ अधिनियम में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में दो पर पहले से मुकदमे
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय सोनकर (19), राजा राय (19), रितेश कुमार गुप्ता (40), दिनेश कुमार मौर्या (32), मुकेश कुमार (21), अनिल कुमार (38), विकास राजभर (26) और नाटे सोनकर (22) के रूप में हुई है। सभी वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों के निवासी हैं। पुलिस की ओर से अजय सोनकर के खिलाफ पहले से चोरी और चोरी के सामान की बरामदगी समेत विभिन्न मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वाराणसी के मंडुवाडीह और जौनपुर के केराकत थाने के मामले शामिल हैं। उसके खिलाफ गाजीपुर के नोनहरा थाने में भी मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा आयुध अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज होने का उल्लेख है।
वहीं, राजा राय के खिलाफ सारनाथ थाने में वर्ष 2021 में मारपीट, नुकसान पहुंचाने और धमकी से संबंधित मुकदमा दर्ज होने की जानकारी दी गई है। शेष छह आरोपियों के खिलाफ वर्तमान जुआ अधिनियम का मुकदमा दर्ज है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक अनुज कुमार शुक्ला सहित नौ कांस्टेबल शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि अपराध और अपराधियों की रोकथाम के लिए अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

