RTC रूट पर पुलिस का अभियान, एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने किया निरीक्षण, नियमों का पालन न करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई
वाराणसी। शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने और आमजन को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कमिश्नरेट पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। इसी क्रम में अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरि मीणा ने गुरुवार को पूर्व निर्धारित RTC (Reducing Traffic Congestion) रूट का व्यापक निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान भी किया।

भ्रमण के दौरान काली माता मंदिर से पाण्डेयपुर, हुकुलगंज होते हुए चौकाघाट चौराहे तक प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने सड़क पर अवैध अतिक्रमण, अवैध पार्किंग, ई-रिक्शा और ऑटो संचालन की स्थिति को गंभीरता से परखा। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गतिविधियों पर भी नजर रखी गई।

निरीक्षण के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए छह मोटरसाइकिल चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। कई स्थानों पर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटवाकर यातायात को सुचारु कराया गया। अपर पुलिस आयुक्त ने संबंधित थाना प्रभारियों और यातायात अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में नियमित अभियान चलाकर जाम की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण रखा जाए।

उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सड़क पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ई-रिक्शा, ऑटो और अन्य सार्वजनिक वाहनों को केवल निर्धारित स्थानों पर खड़ा कराया जाए तथा मुख्य मार्गों पर अवैध रूप से वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही नो-पार्किंग नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश भी दिए गए।

अपर पुलिस आयुक्त ने संवेदनशील स्थलों, धार्मिक स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार पुलिस पिकेट और मोबाइल गश्त बढ़ाने पर जोर दिया। सीसीटीवी कैमरों की नियमित मॉनिटरिंग, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग तथा रात्रिकालीन गश्त को और प्रभावी बनाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए। स्कूल, अस्पताल और बाजार क्षेत्रों में अतिरिक्त यातायात पुलिस तैनात करने के निर्देश दिए गए ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा, सहायक पुलिस आयुक्त अपूर्व शर्मा, सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज शुभम सहित संबंधित थाना प्रभारी, यातायात निरीक्षक और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

