नशे की लत ने बनाया साइकिल चोर, पुलिस ने सात साइकिलों के साथ शातिर चोर को दबोचा, पहले से दर्ज हैं 10 मुकदमे

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। लंका पुलिस ने चोरी की साइकिलें बेचने की फिराक में घूम रहे एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सटीक सूचना पर ट्रामा सेंटर की पार्किंग के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी की सात साइकिलें बरामद हुईं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक सेठ निवासी सब्जी मंडी, रामनगर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ पहले से 10 मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक, सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति चोरी की साइकिलों को बेचने के लिए ट्रामा सेंटर पार्किंग के आसपास मौजूद है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए लंका पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध की घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस को देखते ही आरोपी ने बचने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से सात साइकिलें बरामद हुईं।

नशे की लत पूरी करने के लिए करता था चोरी
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे नशे की लत है। नशे की जरूरत पूरी करने के लिए वह साइकिलें चोरी करता था। चोरी की साइकिलों को कम कीमत पर बेचकर मिलने वाली रकम से नशे का सामान खरीदता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने शहर के किन-किन इलाकों से साइकिलें चोरी की थीं और चोरी की इन घटनाओं में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।

सात साइकिलों के मालिकों का पता लगाने में जुटी पुलिस
पुलिस बरामद सातों साइकिलों के वास्तविक मालिकों की पहचान करने में जुटी है। इसके साथ ही आरोपी के आपराधिक इतिहास और पूर्व में दर्ज मुकदमों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ के दौरान साइकिल चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है।

पुलिस के अनुसार लंका थाने में आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 0505/2026 के तहत धारा 317(2)/317(4) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ के आधार पर चोरी की अन्य घटनाओं और उससे जुड़े संभावित लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

Share this story