वाराणसी में पुलिस-उद्यमी संवाद, पुलिस आयुक्त ने सुरक्षा और साइबर सतर्कता पर दिया जोर
वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ कैम्प कार्यालय में गोष्ठी कर औद्योगिक क्षेत्रों की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और साइबर अपराधों की रोकथाम पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने “भयमुक्त समाज, भयमुक्त व्यापार” की प्रतिबद्धता दोहराते हुए समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया।
पुलिस आयुक्त ने पदाधिकारियों से उनकी समस्याओं की विस्तार से जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने पर जोर दिया। साथ ही निजी सुरक्षा गार्डों और कर्मचारियों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते नियंत्रण पाया जा सके।
यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्रियल एरिया में लोडिंग और अनलोडिंग केवल निर्धारित स्थानों पर ही होनी चाहिए और अनावश्यक पार्किंग पर सख्ती से रोक लगाई जाए। इसके अलावा ट्रैफिक अवेयरनेस कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाने पर बल दिया गया, ताकि सड़क दुर्घटनाओं और जाम की समस्या को कम किया जा सके।
अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए पुलिस आयुक्त ने जुआ, सट्टा, नशाखोरी और चोरी जैसे अपराधों पर पूरी तरह अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में नियमित और प्रभावी गश्त बढ़ाई जाए, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हो सके। साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता को लेकर भी विशेष जोर दिया गया। पुलिस आयुक्त ने बताया कि साइबर फ्रॉड के तीन मुख्य कारण-लालच, डर और असावधानी हैं। उन्होंने निवेश के नाम पर धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट जैसी ठगी और संदिग्ध लिंक या ओटीपी साझा करने से बचने की सलाह दी। साथ ही उपस्थित लोगों से अपने कर्मचारियों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
उन्होंने साइबर फ्रॉड की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर संपर्क करने और cybercrime.gov.in पोर्टल या नजदीकी साइबर हेल्प डेस्क पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी। इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) शिवहरी मीणा, डीसीपी काशी जोन गौरव बंशवाल, डीसीपी वरुणा/गोमती जोन प्रमोद कुमार, डीसीपी ट्रैफिक अनिल कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी और इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

