पुलिस की बदमाशों के साथ मुठभेड़, एक को लगी गोली, दो गिरफ्तार, जीएसटी अधिकारी के घर से करोड़ों की चोरी में रहे शामिल
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के ऊंदी इलाके में गुरुवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ हुई। इसमें एक शातिर अपराधी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके साथी ने भागने की कोशिश की, लेकिन पकड़ा गया। पुलिस ने घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया। शातिर अपराधी जीएसटी अधिकारी के घर करोड़ों की चोरी की घटना में शामिल था।
एसओजी प्रभारी गौरव कुमार सिंह को बदमाशों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर एसओजी और शिवपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने ऊंदी क्षेत्र में घेराबंदी कर संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस टीम को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला।

मुठभेड़ के दौरान शातिर बदमाश विशाल के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। वहीं उसका साथी रोहित मौके का फायदा उठाकर भागने लगा, लेकिन एसओजी के जवानों ने पीछा कर उसे दबोच लिया। घायल विशाल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार विशाल के खिलाफ विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस के निशाने पर था और कई गंभीर वारदातों में उसकी संलिप्तता सामने आ चुकी है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि विशाल ने हाल ही में शिवपुर थाना क्षेत्र में एक जीएसटी अधिकारी के घर हुई करोड़ों रुपये की चर्चित चोरी की घटना में अहम भूमिका निभाई थी। पुलिस उससे पूछताछ कर चोरी की वारदात और उसके अन्य सहयोगियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

