शिवपुर में पुलिस की मुठभेड़, शातिर लुटेरे के पैर में लगी गोली, कई दिनों से तलाश रही थी पुलिस
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर चेन स्नैचर घायल हो गया। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, नकदी और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा अपनी टीम के साथ रिंग रोड स्थित सिंधौरा-चांदमारी अंडरपास के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की टीवीएस अपाचे बाइक पर सवार एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह तेजी से भागने लगा। घेराबंदी के दौरान बाइक फिसलकर गिर गई, जिसके बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी की पहचान बादल साहनी निवासी किरहिया थाना भेलूपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध तमंचा .15 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, 3630 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी अमन यादव के साथ मिलकर 30 अप्रैल को शिवपुर के विश्वनाथपुरी कॉलोनी में एक महिला से चेन लूट की घटना को अंजाम दिया था। वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे। लूटी गई चेन को ज्वैलर्स के यहां बेच दिया गया और मिले पैसों का कुछ हिस्सा नशे में खर्च कर दिया गया। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वे लोग बिना नंबर प्लेट की बाइक का इस्तेमाल कर क्षेत्र में लूट की अन्य घटनाओं की योजना बना रहे थे।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर घायल बदमाश को उपचार के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय भेज दिया है। मामले में पुलिस अन्य आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

