रामनगर में अतिक्रमण पर पुलिस की सख्ती, किला मार्ग पर चला व्यापक अभियान, खदेड़े गए अतिक्रमणकारी
वाराणसी। रामनगर थाना क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और सड़क पर बढ़ते अतिक्रमण को हटाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने सघन अभियान चलाया। नवागत प्रभारी निरीक्षक संजय मिश्रा के नेतृत्व में चौक–चौराहा से किला रोड, पंचवटी रोड और साहित्य नाका मोड़ तक विशेष अभियान चलाकर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया।

अभियान के दौरान प्रभारी निरीक्षक के साथ कस्बा प्रभारी शिवम सोनी, अमित कुमार यादव, मनीष मौर्या और ओमप्रकाश वर्मा सहित पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस टीम ने साउंड सिस्टम के माध्यम से क्षेत्र में संचालित ऑटो, टोटो, ठेला और खोमचा चालकों को सख्त निर्देश दिए कि वे सड़क पर वाहन खड़ा कर या दुकान लगाकर यातायात बाधित न करें।

प्रभारी निरीक्षक संजय मिश्रा ने स्पष्ट कहा कि सड़कें आम जनता के सुरक्षित और सुगम आवागमन के लिए हैं, न कि दुकानें लगाने और सामान रखने के लिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के तहत सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटवाया गया और अस्थायी अतिक्रमण को भी समाप्त कराया गया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था पहले से बेहतर दिखाई दी और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिली। स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए नियमित रूप से ऐसे अभियान चलाने की मांग की।


