लोहता में अतिक्रमण पर पुलिस की सख्ती, नवागत थानाध्यक्ष ने चलाया अभियान, दुकानदारों को दी चेतावनी 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। लोहता थाना क्षेत्र में नवागत थानाध्यक्ष दिगम्बर उपाध्याय ने कार्यभार संभालते ही कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। सोमवार की शाम उन्होंने क्षेत्र का भ्रमण कर सड़क किनारे हो रहे अतिक्रमण पर कड़ा रुख अपनाया और नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी।

123

नियमित गश्त के दौरान थानाध्यक्ष मुख्य मार्गों और बाजार क्षेत्रों से गुजरे, जहां उन्हें कई स्थानों पर सड़क किनारे अवैध रूप से दुकानें लगाकर या सामान फैलाकर अतिक्रमण किए जाने की शिकायतें सही मिलीं। स्थिति का संज्ञान लेते हुए उन्होंने मौके पर मौजूद दुकानदारों को बुलाया और स्पष्ट निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

123

थानाध्यक्ष ने सख्त लहजे में कहा कि सभी दुकानदार स्वेच्छा से अपने-अपने अतिक्रमण को तत्काल हटा लें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में किसी भी स्थान पर अतिक्रमण पाया गया, तो संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि सड़क किनारे अवैध कब्जों के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और आम नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है।

123

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कई दुकानदारों ने मौके पर ही अपना सामान हटाना शुरू कर दिया और भविष्य में नियमों का पालन करने का आश्वासन दिया। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि इससे क्षेत्र में जाम और अव्यवस्था की समस्या कम होगी।

थानाध्यक्ष ने बताया कि अतिक्रमण हटाने का यह अभियान एक दिन की कार्रवाई नहीं, बल्कि लगातार चलने वाली प्रक्रिया है। पुलिस टीम समय-समय पर क्षेत्र का निरीक्षण करती रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share this story