कचहरी पर ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर पुलिस कमिश्नर सख्त, गलत पार्किंग पर होगा चालान 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने गुरुवार को कचहरी परिसर और उससे जुड़े आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़कों पर अव्यवस्थित ढंग से खड़े वाहनों पर कड़ी नाराजगी जताते हुए यातायात व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने चेताया कि गलत पार्किंग पर चालान किया जाएगा। 

123

निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने पाया कि कचहरी क्षेत्र में कई स्थानों पर वाहन बेतरतीब तरीके से खड़े किए जा रहे हैं, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है। इसे गंभीरता से लेते हुए उन्होंने मौके पर मौजूद यातायात पुलिस कर्मियों और पार्किंग ठेकेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़कों से अतिक्रमण हटाया जाए और सभी वाहनों की पार्किंग केवल निर्धारित ग्रीन लाइन के भीतर ही सुनिश्चित की जाए।

123

मोहित अग्रवाल ने कहा कि कचहरी क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में अधिवक्ता, वादकारी और आम नागरिक आते हैं। ऐसे में यातायात व्यवस्था का सुचारू और व्यवस्थित रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर चालान भी काटे जाएंगे।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि कचहरी क्षेत्र की सड़कें सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील हैं। यहां किसी भी प्रकार का ट्रैफिक जाम या अव्यवस्था कानून-व्यवस्था को प्रभावित कर सकती है। उन्होंने कहा कि यह निरीक्षण एक नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है, लेकिन अब इसे और अधिक प्रभावी और सख्ती से लागू किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि सर्किट हाउस परिसर से सटी मल्टीलेवल पार्किंग की क्षमता बढ़ाने का कार्य तेजी से चल रहा है। इसके पूरा होने पर लगभग 1500 अतिरिक्त वाहनों के पार्किंग की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी, जिससे कचहरी क्षेत्र में पार्किंग की समस्या में काफी हद तक सुधार होने की उम्मीद है। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त, यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य संबंधित कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Share this story