पुलिस का ऑपरेशन साई-वज्र, एलजीबीटी ऐप्स के जरिए ऑनलाइन ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। उत्तर प्रदेश पुलिस के ऑपरेशन Cy-Vajra के तहत साइबर अपराधों पर शिकंजा कसते हुए थाना बड़ागांव पुलिस ने एलजीबीटी डेटिंग ऐप्स के माध्यम से लोगों को झांसे में लेकर ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, साइबर पोर्टल पर दर्ज शिकायत संख्या 33105260116651 की जांच के दौरान शिकायतकर्ता मिथिलेश रघुवंशी ने बताया कि उनकी Grindr ऐप के माध्यम से एक व्यक्ति से बातचीत हुई थी। मुलाकात के दौरान उनके साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी कर करीब 85 हजार रुपये की रकम उनके खाते से निकाल ली गई।
जांच के दौरान एक व्यक्ति ने स्वयं को आदर्श बताते हुए शिकायतकर्ता को थाना बड़ागांव क्षेत्र में मिलने के लिए बुलाया। सूचना मिलते ही थाना बड़ागांव पुलिस की टीम सातोमहुआ अहरक के पास पहुंची, जहां 7-8 संदिग्ध युवक मौजूद थे। पुलिस को देखते ही सभी भागने लगे। घेराबंदी कर पुलिस ने एक युवक को मौके से पकड़ लिया, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदर्श चौबे निवासी परसादपुर, थाना बड़ागांव, वाराणसी के रूप में हुई। उसके खिलाफ थाना बड़ागांव में बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर Grindr और Polo जैसे ऐप्स पर लोगों से संपर्क करता था। बातचीत के बाद उन्हें मिलने के लिए बुलाया जाता और मौका मिलते ही उनका मोबाइल फोन अपने कब्जे में लेकर बैंक खातों से ऑनलाइन धनराशि ट्रांसफर कर ली जाती थी। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि सामाजिक बदनामी के डर से अधिकांश पीड़ित पुलिस में शिकायत नहीं करते थे, जिसका फायदा उठाकर गिरोह कई महीनों से इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गिरोह के कई अन्य सदस्यों के नाम भी सामने आए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी सोशल या डेटिंग ऐप पर अनजान व्यक्तियों से मिलने से पहले पूरी सतर्कता बरतें और किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन या निकटतम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराएं।

