नोएडा में प्लॉट दिलाने का झांसा देकर 90 लाख की ठगी, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। नोएडा में प्लॉट दिलाने और उसे प्राधिकरण से पास कराने के नाम पर बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस प्रकरण में एक ही परिवार के तीन लोगों पर करीब 90 लाख रुपये ठगने का आरोप लगा है। पीड़ित की शिकायत पर भेलूपुर थाने में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अस्सी निवासी विवेक कुमार राय ने भेलूपुर थाना में दी गई तहरीर में बताया कि सऊद खान उर्फ नवाब, उनकी पत्नी शबीना खान और बेटी मरियम खान ने उन्हें नोएडा सेक्टर-76 में प्लॉट दिलाने का लालच दिया था। आरोपियों ने यह भी भरोसा दिलाया कि प्लॉट को प्राधिकरण से पास कराकर पूरी तरह वैध कराया जाएगा।
पीड़ित के अनुसार, इस सौदे में उनके परिचित नरेश चौहान (निवासी सेक्टर-40, नोएडा) ने मध्यस्थ की भूमिका निभाई। अगस्त 2025 में निवेश के नाम पर आरोपियों को कुल एक करोड़ रुपये देने की बात तय हुई थी। इसी क्रम में अलग-अलग किस्तों में करीब 90 लाख रुपये आरोपियों को दे दिए गए।
शुरुआती दौर में आरोपी लगातार भरोसा दिलाते रहे कि प्लॉट की प्रक्रिया चल रही है और जल्द ही सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी। लेकिन समय बीतने के साथ उन्होंने टालमटोल शुरू कर दी। जब पीड़ित ने प्लॉट की स्थिति जानने या अपने पैसे वापस मांगने की कोशिश की, तो आरोपियों ने मोबाइल फोन बंद कर लिया और संपर्क से बाहर हो गए।
काफी प्रयास के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो पीड़ित को अपने साथ ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने पुलिस की शरण ली और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। लेन-देन से जुड़े दस्तावेज, बैंक ट्रांजेक्शन और अन्य साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

