UPSC परीक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट, एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर परखी सुरक्षा व्यवस्था, दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) प्रारंभिक परीक्षा-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सकुशल संपन्न कराने के लिए कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस ने व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था लागू की है। इसी क्रम में अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा ने रविवार को शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों, संवेदनशील स्थलों और प्रमुख चौराहों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

123

यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा 24 मई 2026 को दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक होगी। कमिश्नरेट वाराणसी क्षेत्र में कुल 35 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 16,121 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों की बड़ी संख्या में आवाजाही को देखते हुए पुलिस और यातायात विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

123

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त ने मलदहिया-सिगरा स्थित राजकीय विद्यालय, लल्लापुरा के एओ मुस्लिम कॉलेज, कैंट स्थित जेपी मेहता इंटर कॉलेज तथा नदेसर के कटिंग मेमोरियल इंटर कॉलेज समेत कई परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। इस दौरान प्रवेश और निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, कतार प्रबंधन, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा ड्यूटी और यातायात संचालन की समीक्षा की गई।

123

पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़, अव्यवस्थित पार्किंग और जाम की स्थिति न बनने दी जाए। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर विशेष निगरानी रखने तथा सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया।

123

अपर पुलिस आयुक्त ने ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों के साथ सौम्य एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी अभ्यर्थी को असुविधा न हो, इसके लिए हर स्तर पर सहायता उपलब्ध कराई जाए।

कमिश्नरेट पुलिस ने आमजन से अपील की है कि परीक्षा अवधि के दौरान यातायात नियमों का पालन करें और परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्रित न करें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

Share this story