लोलार्क कुंड स्नान पर्व को लेकर पुलिस अलर्ट, ड्रोन-CCTV से होगी निगरानी; जोन और सेक्टर में बंटेगा क्षेत्र

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। लोलार्क कुंड स्नान पर्व पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा की तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा ने लोलार्क कुंड और आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने स्नान स्थल, संवेदनशील स्थानों, श्रद्धालुओं के आने-जाने वाले प्रमुख मार्गों और प्रवेश-निकास बिंदुओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त काशी गौरव बंसवाल, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन वैभव बांगर, सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर गौरव कुमार और सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज शुभम जैन सहित संबंधित थाना प्रभारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

ं

जोन और सेक्टर में बांटा जाएगा पूरा इलाका

अपर पुलिस आयुक्त ने लोलार्क कुंड और आसपास के क्षेत्र को आवश्यकता के अनुसार जोन और सेक्टर में बांटने के निर्देश दिए। प्रत्येक जोन और सेक्टर के लिए अलग प्रभारी अधिकारी तैनात होगा। कुंड, स्नान स्थल, प्रवेश-निकास मार्ग, प्रमुख चौराहों, गलियों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा गया है।

भीड़ का दबाव बढ़ने पर श्रद्धालुओं को क्रमबद्ध तरीके से स्नान के लिए भेजा जाएगा। जरूरत के अनुसार मजबूत बैरिकेडिंग की जाएगी। पुलिस अधिकारियों को लगातार भीड़ का आकलन करने और स्थिति के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल तथा वैकल्पिक आवागमन व्यवस्था लागू करने का निर्देश दिया गया है।

ं

ड्रोन और CCTV से भीड़ पर नजर

स्नान पर्व के दौरान लोलार्क कुंड और आसपास के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की ड्रोन कैमरों से हवाई निगरानी की जाएगी। ड्रोन ऑपरेटर भीड़ के दबाव, आवागमन और संवेदनशील स्थानों की स्थिति की जानकारी ड्यूटी अधिकारियों को देंगे। अनधिकृत ड्रोन या किसी संदिग्ध उड़ने वाली वस्तु पर भी नजर रखने को कहा गया है।

ड्रोन सर्विलांस, CCTV और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों से मिलने वाली सूचनाओं के बीच समन्वय रखा जाएगा। कुंड के आसपास लगे CCTV कैमरों की कार्यशीलता पहले ही जांचने और महत्वपूर्ण स्थानों की लाइव निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।

ं

महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मी

महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए स्नान स्थल, प्रवेश-निकास मार्ग और भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। संकरी गलियों, प्रमुख चौराहों, भवनों की छतों और अन्य संवेदनशील स्थानों को पहले से चिह्नित कर निगरानी रखने को कहा गया है। जरूरत पड़ने पर ऊंचे स्थानों से दूरबीन के जरिए भी भीड़ और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।

ं

पार्किंग और ट्रैफिक के लिए अलग इंतजाम

श्रद्धालुओं और वाहनों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए प्रमुख मार्गों, चौराहों और डायवर्जन प्वाइंट पर यातायात पुलिस तैनात होगी। वाहनों के लिए पार्किंग स्थल चिह्नित किए जाएंगे और स्नान स्थल या प्रमुख मार्गों पर वाहनों को खड़ा नहीं होने दिया जाएगा।

लोलार्क कुंड की ओर जाने वाली गलियों और रास्तों पर ठेले, खोमचे या दूसरे अवरोधों के कारण आवागमन बाधित न हो, इसके भी निर्देश दिए गए हैं। एम्बुलेंस, फायर सर्विस और दूसरी आपातकालीन सेवाओं के लिए वैकल्पिक मार्ग हर समय खाली रखने को कहा गया है। किसी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए QRT और रिजर्व पुलिस बल भी तैयार रहेगा।

ं

पुलिस की अपील- धक्का-मुक्की न करें, अफवाहों पर विश्वास न करें

कमिश्नरेट पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित प्रवेश और निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था का पालन करने की अपील की है। स्नान के दौरान धैर्य बनाए रखने, भीड़ में धक्का-मुक्की नहीं करने और निर्धारित स्थान से ही स्नान करने को कहा गया है।

पुलिस ने कहा है कि किसी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिसकर्मी को दें और सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों पर विश्वास न करें।

Share this story