एयर शो और पीएम के दौरे को लेकर पुलिस अलर्ट, ड्रोन-CCTV से निगरानी, छतों पर तैनात रहेंगे जवान, चप्पे-चप्पे पर नजर  

WhatsApp Channel Join Now

पुलिस आयुक्त ने ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों को किया ब्रीफ, बोले- दर्शकों से करें शालीन व्यवहार 

महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती और सख्त सुरक्षा जांच के निर्देश, वीवीआईपी रूट पर विशेष सतर्कता

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन और 24 व 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाले भारतीय वायुसेना के भव्य एयर शो को लेकर कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग कर सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और आमजन की सुविधा को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वीवीआईपी सुरक्षा और एयर शो के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने निर्धारित ड्यूटी स्थलों का पहले से निरीक्षण कर लें और मौके पर ही अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को उनकी जिम्मेदारियों के बारे में स्पष्ट जानकारी दें। सभी अधिकारी-कर्मचारी निर्धारित समय से पहले ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर जिम्मेदारी संभालें। वीवीआईपी रूट, कार्यक्रम स्थल, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के साथ लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए।

ड्रोन, सीसीटीवी और रूफटॉप ड्यूटी से होगी निगरानी
प्रधानमंत्री के आगमन और एयर शो के मद्देनजर चिन्हित संवेदनशील स्थानों पर रूफटॉप ड्यूटी लगाई जाएगी। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कार्यक्रम स्थल, वीवीआईपी रूट और भीड़भाड़ वाले इलाकों की निगरानी की जाएगी। पुलिस आयुक्त ने होटल, ढाबों, गेस्ट हाउस और अन्य ठहरने वाले स्थानों की सघन जांच व आवश्यक सत्यापन करने के निर्देश भी दिए। संदिग्ध व्यक्तियों, वस्तुओं और गतिविधियों पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।

123

यातायात डायवर्जन और पार्किंग पर विशेष जोर
एयर शो के दौरान दर्शकों के सुरक्षित और सुगम आवागमन के लिए यातायात प्रबंधन को महत्वपूर्ण बताया गया। यातायात पुलिस को आवश्यकतानुसार डायवर्जन लागू करने और वैकल्पिक मार्गों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वीवीआईपी रूट से जुड़ी गलियों, कट, चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।

निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहनों को व्यवस्थित ढंग से खड़ा कराने, स्पष्ट दिशा-सूचक बोर्ड लगाने और आपातकालीन मार्गों को बाधामुक्त रखने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम स्थल पर बैरिकेडिंग तथा प्रवेश और निकास मार्गों का भी प्रभावी प्रबंधन किया जाएगा। भीड़ नियंत्रण के दौरान पुलिसकर्मियों को रस्सों और बैरिकेडिंग का इस्तेमाल करने तथा अनावश्यक बल प्रयोग से बचने के निर्देश दिए गए।

महिला दर्शकों की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था
पुलिस आयुक्त ने कहा कि एयर शो देखने आने वाले लोगों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक दर्शक इनक्लोजर में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी, ताकि महिला दर्शकों को आवश्यक सहायता मिल सके। कार्यक्रम स्थल के प्रवेश द्वारों पर प्रत्येक व्यक्ति की निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार जांच और फ्रिस्किंग की जाएगी। बिना सुरक्षा जांच किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। महिला दर्शकों की जांच महिला पुलिसकर्मियों द्वारा ही कराई जाएगी।

दर्शकों से सम्मानजनक व्यवहार करने की हिदायत
पुलिस आयुक्त ने पुलिसकर्मियों को आमजन के साथ विनम्र और सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दर्शकों को रास्ता बताने, जरूरी जानकारी देने और जरूरत पड़ने पर सहायता उपलब्ध कराने में तत्परता दिखाई जाए। पुलिसकर्मी लोगों को ‘सर’ और ‘मैडम’ कहकर संबोधित करें तथा भीड़ प्रबंधन के दौरान धैर्य और संवेदनशीलता बनाए रखें।

वायरलेस संचार व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के पास वायरलेस सेट उपलब्ध रखने तथा संचार व्यवस्था प्रभावी बनाए रखने को कहा गया। पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन के अनावश्यक इस्तेमाल से बचने और सुरक्षा व्यवस्था पर पूरा ध्यान केंद्रित करने की हिदायत दी गई। वायरलेस पर मिलने वाली सूचनाओं पर तत्काल संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों को अवगत कराने और जरूरत के अनुसार त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस आयुक्त ने सभी प्रभारी अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने और अधीनस्थ पुलिस बल के साथ समन्वय बनाए रखने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री के आगमन, वीवीआईपी मूवमेंट और एयर शो के दौरान सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन तथा जनसुविधा के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखते हुए आयोजन को सकुशल संपन्न कराना सभी की जिम्मेदारी है।

BK Pathak
BK Pathak

21372 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story