कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट, पुलिस आयुक्त और डीएम ने रिंग रोड फेज-2 का किया निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने गुरुवार को रिंग रोड फेज-2 (रखौना से हरहुआ) कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का विस्तृत जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

123

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रखौना अंडरपास पर संभावित यातायात दबाव और जाम की स्थिति का आकलन किया। उन्होंने वैकल्पिक यातायात मार्गों की समीक्षा करते हुए जरूरत पड़ने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि प्रयागराज से मोहनसराय तथा रिंग रोड पर रखौना से हरहुआ तक एक लेन पूरी तरह कांवड़ यात्रियों के लिए आरक्षित रहेगी। इस लेन में किसी भी अन्य वाहन का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

123

निरीक्षण के दौरान कांवड़ मार्ग पर स्थापित अस्थायी पुलिस सहायता केंद्रों, विश्राम स्थलों, चिकित्सा शिविरों तथा अन्य सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी स्थानों पर पर्याप्त संसाधन, चिकित्सा सुविधाएं और पुलिस बल उपलब्ध रहे, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

दुर्घटनाओं और अनधिकृत प्रवेश को रोकने के लिए मार्ग के सभी कटों पर जिग-जैग बैरिकेडिंग लगाने तथा अवैध कटों को तत्काल बंद करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा प्रत्येक महत्वपूर्ण कट और संवेदनशील स्थान पर पीआरवी और फैंटम पुलिस टीमों की 24 घंटे तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और सुगम यात्रा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को लगातार फील्ड में रहकर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन और भीड़ प्रबंधन की निगरानी करने तथा किसी भी स्थिति में त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरि मीणा, अपर पुलिस आयुक्त अपराध आलोक प्रियदर्शी, पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू, अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नृपेन्द्र कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा सहित पुलिस और प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this story