वाराणसी में पीएनजी उपभोक्ताओं का आंकड़ा एक लाख पार, स्वच्छ ऊर्जा अभियान को मिली गति
वाराणसी। काशी में स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक ऊर्जा व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। शहर में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) नेटवर्क का विस्तार करते हुए एक लाख घरेलू उपभोक्ताओं का आंकड़ा पार कर लिया गया है। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में गेल (इंडिया) लिमिटेड द्वारा तरना स्थित शांति कुंज अपार्टमेंट में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां एक लाखवें पीएनजी उपभोक्ता को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित महापौर अशोक कुमार तिवारी ने इस उपलब्धि को वाराणसी के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि पीएनजी सुविधा नागरिकों को सुरक्षित, सुविधाजनक और पर्यावरण के अनुकूल ऊर्जा उपलब्ध करा रही है। इसके माध्यम से लोगों को एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग, रीफिलिंग और आपूर्ति से जुड़ी परेशानियों से राहत मिल रही है। उन्होंने काशीवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पीएनजी अपनाने की अपील करते हुए इसे स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में बड़ा कदम बताया।

इस अवसर पर महापौर ने एक लाखवें घरेलू उपभोक्ता को प्रमाण पत्र और स्मृति उपहार प्रदान किया। साथ ही शांति कुंज अपार्टमेंट में पीएनजी आपूर्ति का औपचारिक शुभारंभ भी किया गया। अधिकारियों के अनुसार, इससे क्षेत्र में गैस नेटवर्क के विस्तार को और गति मिलेगी तथा अधिक परिवारों को इस सुविधा का लाभ मिलेगा।
गेल इंडिया वाराणसी के महाप्रबंधक सुशील कुमार ने बताया कि कंपनी तेजी से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भी इस नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है। पीएनजी एक सुरक्षित, भरोसेमंद और चौबीसों घंटे उपलब्ध रहने वाला ईंधन है, जो पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम में गेल इंडिया के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी भाग लिया तथा शहर में स्वच्छ ऊर्जा के विस्तार के लिए कंपनी की आगामी योजनाओं की जानकारी साझा की।

