दालमंडी में काले गुब्बारे उड़ाकर मनाया पीएम का जन्मदिन, ब्लैक केक काटा, सड़क चौड़ीकरण को लेकर जताया विरोध 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर गुरुवार को दालमंडी में स्थानीय लोगों ने अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया। लोगों ने काले गुब्बारे उड़ाए, काली पगड़ी बांधी और काले कपड़े पहनकर ब्लैक केक काटा। ‘हैप्पी बर्थडे मोदी’ कहते हुए उन्होंने दालमंडी चौड़ीकरण और प्रस्तावित कॉरिडोर को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शनकारियों ने इस प्रतीकात्मक आयोजन के जरिए इलाके की समस्याओं और विकास योजनाओं से जुड़ी अपनी चिंताओं को सामने रखा।

दालमंडी निवासी आदिल खान ने कार्यक्रम के लिए दो केक मंगाए थे। इनमें एक पर ‘हिंदू-मुस्लिम’ और दूसरे पर ‘मोदी’ लिखा हुआ था। आदिल खान ने कहा कि बेरोजगारी और नौकरी जैसे मुद्दों पर सवाल पूछे जाने पर कई बार चर्चा हिंदू-मुस्लिम या पाकिस्तान की ओर मोड़ दी जाती है। इसी बात को प्रतीकात्मक रूप से प्रदर्शित करने के लिए एक केक पर ‘हिंदू-मुस्लिम’ लिखवाया गया।

123

76वें जन्मदिन पर 76 सीवर और गड्ढों का मुद्दा
आदिल खान ने कहा कि प्रधानमंत्री का 76वां जन्मदिन है। इसी क्रम में दालमंडी के लोगों ने क्षेत्र में 76 सीवर और गड्ढों का मुद्दा उठाकर स्थानीय समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया। उनका दावा है कि इलाके में आए दिन कोई न कोई व्यक्ति गड्ढों की चपेट में आ जाता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं को भी गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

123

चौड़ीकरण और कॉरिडोर को लेकर जताई चिंता
कार्यक्रम में शामिल लोगों ने कहा कि काले गुब्बारे, काली पगड़ी और ब्लैक केक के माध्यम से दालमंडी चौड़ीकरण और प्रस्तावित कॉरिडोर को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया गया। उनका कहना था कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर विरोध का यह तरीका अपनाकर उन्होंने अपनी समस्याओं और चिंताओं को सामने रखने की कोशिश की है। प्रदर्शनकारियों ने स्थानीय मुद्दों पर ध्यान देने की मांग की।

Share this story