सौगातें लेकर वाराणसी आ रहे पीएम मोदी, 6300 करोड़ की 160 परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास, काशी के विकास को मिलेगी रफ्तार
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित काशी दौरे के दौरान शहर को बड़े पैमाने पर विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने जा रही है। लगभग 6300 करोड़ रुपये की लागत से कुल 160 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा, जिनमें 48 परियोजनाओं का उद्घाटन और 112 परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी। इससे स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पेयजल, पर्यटन और शहरी विकास जैसे अहम क्षेत्रों को रफ्तार मिलेगी।
प्रधानमंत्री के दो दिवसीय प्रवास में कई महत्वपूर्ण योजनाओं को धरातल पर उतारने की शुरुआत होगी। लोकार्पण की जाने वाली परियोजनाओं में सारनाथ स्थित तिब्बती शिक्षा संस्थान में निर्मित सेवा रिपा अस्पताल प्रमुख है, जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में पीडब्ल्यूडी सड़कों का निर्माण और सुदृढ़ीकरण, 100 बेड वाले अस्पतालों की स्थापना, स्कूलों में स्मार्ट क्लास, छात्रावास निर्माण और पेयजल योजनाओं का विस्तार शामिल है।
शिलान्यास की सूची में भी कई बड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। सिगरा-फुलपुर मार्ग का चौड़ीकरण, मंडलीय चिकित्सालय में 500 बेड के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का निर्माण, दीनदयाल चिकित्सालय का उन्नयन और नमामि गंगे योजना के तहत घाटों का विकास प्रमुख हैं। इसके साथ ही सीवरेज नेटवर्क के विस्तार, जल निकासी सुधार, नगर निगम भवन निर्माण, ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति सुदृढ़ करने और नए पुलों के निर्माण जैसी योजनाएं भी प्रस्तावित हैं।
पर्यटन के लिहाज से अस्सी घाट, दशाश्वमेध घाट और राजघाट जैसे प्रमुख स्थलों के सौंदर्यीकरण और विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे काशी की पहचान को वैश्विक स्तर पर और मजबूती मिल सके। साथ ही शिक्षा और सामाजिक ढांचे को बेहतर बनाने के लिए छात्रावास, स्कूल भवन और बाल गृहों का निर्माण भी किया जाएगा।
इन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
लोकार्पण (48 प्रमुख परियोजनाएं)
• सारनाथ स्थित तिब्बती शिक्षा संस्थान में बने सेवा रिपा अस्पताल का उद्घाटन
• कई प्रमुख PWD सड़कों का निर्माण और सुदृढ़ीकरण कार्य
• ककरमत्ता, बाबतपुर, चोलापुर समेत विभिन्न क्षेत्रों में सड़क एवं विकास कार्य
• 100 बेड क्षमता वाले अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण
• महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में महिला छात्रावास
• विभिन्न क्षेत्रों में छात्रावास, स्मार्ट क्लास और स्कूलों का उन्नयन
• रामनगर, सारनाथ और अन्य पर्यटन स्थलों का विकास कार्य
• जलापूर्ति योजनाएं और 30 गांवों में पेयजल व्यवस्था
• सहकारी समितियों के गोदाम निर्माण
• नगर के स्कूलों में स्मार्ट क्लास और शैक्षिक संसाधनों का विस्तार
• सार्वजनिक स्वास्थ्य लैब और अन्य चिकित्सा सुविधाओं की स्थापना
• पार्कों का सौंदर्यीकरण और पर्यटन विकास परियोजनाएं
शिलान्यास (112 प्रमुख परियोजनाएं)
• सिगरा-फुलपुर मार्ग समेत कई सड़कों का चौड़ीकरण
• मंडलीय चिकित्सालय में 500 बेड का सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल
• दीनदयाल चिकित्सालय का उन्नयन और 198 बेड का विस्तार
• नमामि गंगे योजना के तहत घाटों का विकास और सौंदर्यीकरण
• विभिन्न क्षेत्रों में सीवरेज नेटवर्क और जल निकासी परियोजनाएं
• नगर निगम कार्यालय भवन का निर्माण
• राजकीय बाल गृह, छात्रावास और स्कूल भवनों का निर्माण
• पर्यटन स्थलों-अस्सी घाट, दशाश्वमेध घाट, राजघाट आदि का विकास
• ग्रामीण क्षेत्रों में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति के लिए योजनाएं
• पेयजल पुनर्गठन और सीवर नेटवर्क विस्तार योजनाएं
• पुलिस लाइन और प्रशासनिक भवनों का निर्माण
• गंगा नदी पर नए पुल और संपर्क मार्ग निर्माण
• जल गुणवत्ता सुधार और ट्रीटमेंट प्लांट परियोजनाएं

