28 अप्रैल को पीएम मोदी रखेंगे 500 बेड सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल की आधारशिला, वाराणसी को मिलेगा बड़ा तोहफा

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। नरेंद्र मोदी 28 अप्रैल को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में 500 बेड के अत्याधुनिक मल्टी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल की आधारशिला रखेंगे। मंडलीय अस्पताल के पुराने भवन की जगह बनने वाला यह नया अस्पताल काशी समेत पूर्वांचल के कई जिलों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। 

एक छत के नीचे मिलेंगी सभी आधुनिक सुविधाएं
कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल के एसआईसी डॉ ब्रजेश कुमार ने बताया कि इस नए हॉस्पिटल में मरीजों को ओपीडी, आईपीडी, प्राइवेट वार्ड, आइसोलेशन वार्ड, ब्लड बैंक, माइक्रोबायोलॉजी लैब, पैथोलॉजी, पेलिएटिव केयर वार्ड, स्किल्ड लैब, कैफेटेरिया और किचन जैसी तमाम सुविधाएं एक ही जगह उपलब्ध होंगी। इससे मरीजों को अलग-अलग जगह भटकना नहीं पड़ेगा और इलाज की प्रक्रिया तेज व आसान होगी।

ं

आईसीयू से डे केयर तक हाईटेक व्यवस्था
अस्पताल में 47 बेड का आईसीयू वार्ड, 14 बेड का बर्न वार्ड, 20 बेड का डायलिसिस यूनिट और 15 बेड का डे केयर यूनिट बनाया जाएगा। इसके अलावा हाईटेक ऑपरेशन थिएटर, फिजियोथेरेपी रूम, डेंटल, आयुष और जेरियाट्रिक मेडिसिन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी, जिससे गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा।

मल्टीलेवल पार्किंग में मिलेगी आधुनिक सुविधा
यह अस्पताल पूर्वांचल का पहला सरकारी हॉस्पिटल होगा, जहां 300 वाहनों की क्षमता वाली मल्टीलेवल पार्किंग बनाई जाएगी। खास बात यह है कि इसमें हाइड्रोलिक लिफ्ट के जरिए गाड़ियों को एक फ्लोर से दूसरे फ्लोर तक ले जाया जा सकेगा, जिससे पार्किंग की समस्या भी काफी हद तक खत्म होगी।

दोगुनी होगी मरीजों की क्षमता
फिलहाल मंडलीय अस्पताल 300 बेड का है और यहां रोजाना करीब 2000 मरीज ओपीडी में आते हैं। नए अस्पताल के बनने के बाद इसकी क्षमता लगभग दोगुनी हो जाएगी और रोजाना 4000 मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।

पूर्वांचल के जिलों को मिलेगा बड़ा फायदा
इस सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के निर्माण से वाराणसी के साथ-साथ गाजीपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र और आसपास के जिलों के मरीजों को भी बेहतर इलाज की सुविधा मिलेगी। साथ ही BHU अस्पताल पर पड़ने वाला मरीजों का दबाव भी काफी हद तक कम हो जाएगा।

देखें वीडियो

Share this story