पीएम मोदी ने वाराणसी में बाढ़ की स्थिति की ली जानकारी, महापौर से फोन पर की बात

WhatsApp Channel Join Now

राहत शिविरों में व्यवस्थाओं का जाना हाल, बोले- प्रभावित लोगों को न हो कोई असुविधा

सामूहिक प्रयास और बेहतर समन्वय से हालात से निबटने को किया प्रेरित 

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी से टेलीफोन पर वार्ता कर वाराणसी में बाढ़ की स्थिति और राहत कार्यों का जायजा लिया। प्रधानमंत्री ने शहर के विभिन्न इलाकों में जलभराव और गंगा के बढ़ते जलस्तर से उत्पन्न परिस्थितियों की जानकारी ली और राहत कार्यों की समीक्षा की।

वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में संचालित राहत शिविरों की व्यवस्थाओं पर विशेष जानकारी ली। उन्होंने महापौर से शिविरों में रह रहे लोगों के लिए खाद्य सामग्री, पेयजल, दवाओं और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता के बारे में विस्तार से पूछा। पीएम ने निर्देश दिया कि राहत शिविरों में शरण लिए लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।

प्रधानमंत्री ने आपदा की स्थिति में बेहतर प्रबंधन और राहत कार्यों में तेजी लाने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों एवं नगर निगम पार्षदों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि लगातार जनता के बीच सक्रिय रहें और बाढ़ प्रभावित लोगों तक हर संभव सहायता पहुंचाना सुनिश्चित करें।

पीएम मोदी ने कहा कि सामूहिक प्रयास और बेहतर समन्वय के माध्यम से प्राकृतिक आपदा के प्रभाव को कम किया जा सकता है तथा प्रभावित लोगों को त्वरित राहत उपलब्ध कराई जा सकती है।

Share this story