अप्रैल के अंत में वाराणसी आ सकते हैं पीएम मोदी, 3000 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अप्रैल के अंत में वाराणसी आ सकते हैं। पीएम 3000 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। साथ ही जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इसको लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं।
बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार के बाद पीएम दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंच सकते हैं। वे विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे, साथ ही जनसभा को भी संबोधित कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में 3000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की सौगात दे सकते हैं। इसमें कई ऐसी योजनाएं शामिल हैं जो पहले ही धरातल पर उतर चुकी हैं, जबकि कुछ नई परियोजनाओं का शिलान्यास प्रस्तावित है।
जिले में विकास कार्यों की स्थिति पर लगातार समीक्षा की जा रही है। पीएमओ की टीम ने ऑनलाइन बैठक कर परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली है। स्थानीय अधिकारियों के साथ भी बैठकें कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। खास तौर पर सोशल सेक्टर से जुड़ी योजनाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

