अगले महीने काशी आ सकते हैं पीएम मोदी, जनसभा के साथ करोड़ों की योजनाओं का लोकार्पण संभव

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मार्च के दूसरे सप्ताह में अपने संसदीय क्षेत्र काशी का दौरा कर सकते हैं। यह उनका 54वां दौरा होगा। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत वे जनसभा को संबोधित कर सकते हैं और कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। इससे पहले 28 फरवरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी वाराणसी आने की संभावना जताई जा रही है।

पीएम और सीएम का संभावित कार्यक्रम
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 28 फरवरी को कज्जाकपुरा आरओबी (रेल ओवरब्रिज) का निरीक्षण कर सकते हैं। वहीं प्रधानमंत्री मोदी के दौरे के दौरान कज्जाकपुरा आरओबी का लोकार्पण प्रस्तावित है। साथ ही वे संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मैदान में जनसभा को संबोधित कर सकते हैं।

a

प्रशासनिक तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। महिला दिवस के अवसर पर आठ महिलाओं को सम्मानित करने की योजना भी कार्यक्रम में शामिल हो सकती है।

पहले भी दे चुके हैं 65 हजार करोड़ की परियोजनाएं
प्रधानमंत्री मोदी काशी को अब तक लगभग 65 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं की सौगात दे चुके हैं। हर दौरे में वे विकास कार्यों की नई श्रृंखला की शुरुआत करते रहे हैं। इस बार भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को जनता को समर्पित किए जाने की तैयारी है।

इन योजनाओं का होगा लोकार्पण
प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत कज्जाकपुरा क्षेत्रीय आरओबी और पांडेयपुर काली मंदिर से आजमगढ़ संपर्क मार्ग का चौड़ीकरण कार्य शामिल है। बीएचयू में बनी नई सड़क का भी उद्घाटन हो सकता है। भगवानपुर में 55 एमएलडी क्षमता का एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) तैयार है, जिसका लोकार्पण संभव है। इसके अलावा रामनगर में बुढ़वा मंगल मेला मैदान का सौंदर्यीकरण और चंद्रवंती क्षेत्र में विकास कार्य भी शामिल हैं। यूपी कॉलेज में नए टर्फ की तैयारी भी लगभग पूरी बताई जा रही है।

कई परियोजनाओं का शिलान्यास भी संभावित
प्रधानमंत्री 97 करोड़ रुपये की लागत से नगर निगम के 100 नए सदन भवन का शिलान्यास कर सकते हैं। इसके अलावा 274.31 करोड़ रुपये की लागत से लोहता क्षेत्र में 60 एमएलडी एसटीपी परियोजना, 259 करोड़ रुपये की लागत से 18 वार्डों में सीवर व पेयजल परियोजना तथा 1800 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित राजघाट पुल और रेल लाइन से जुड़ी परियोजना का भी शिलान्यास संभव है।

सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां तेज
पीएम और सीएम के संभावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस महकमा अलर्ट मोड में है। कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आधिकारिक कार्यक्रम की घोषणा अभी बाकी है, लेकिन तैयारियों से संकेत मिल रहे हैं कि काशी को एक बार फिर बड़ी विकास सौगात मिलने वाली है।

Share this story