अक्तूबर में काशी आ सकते हैं पीएम मोदी, दो बड़ी परियोजनाओं की सौगात, रोपवे का काम 94.35% पूरा
वाराणसी। काशी में अक्तूबर के दौरान दो प्रमुख विकास परियोजनाओं के लोकार्पण की तैयारियां तेज हो गई हैं। गंजारी स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और कैंट से गोदौलिया के बीच निर्माणाधीन पब्लिक ट्रांसपोर्ट रोपवे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी काशीवासियों को दोनों परियोजनाओं की सौगात देंगे।

कैंट से गोदौलिया के बीच बन रही करीब 3.85 किलोमीटर लंबी रोपवे परियोजना का सितंबर में भौतिक कार्य लगभग 94.35 प्रतिशत पूरा बताया गया था। मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने परियोजना का निरीक्षण कर शेष कार्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए थे। रोपवे कॉरिडोर में कैंट रेलवे स्टेशन, काशी विद्यापीठ, रथयात्रा, गिरजाघर और गोदौलिया समेत पांच स्टेशन बनाए जा रहे हैं। परियोजना में कुल 29 टावर प्रस्तावित हैं। फिलहाल विभिन्न स्टेशनों पर फिनिशिंग और अन्य तकनीकी कार्य पूरे किए जा रहे हैं।

प्रशासनिक अधिकारियों ने परियोजना के अलग-अलग हिस्सों का निरीक्षण कर लंबित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की है। हालिया रिपोर्टों के मुताबिक परियोजना के संचालन से पहले परीक्षण और सुरक्षा संबंधी प्रक्रियाएं भी पूरी की जानी हैं।

