पिशाचमोचन कुंड का होगा कायाकल्प, श्रद्धालुओं के लिए विकसित होंगी आधुनिक सुविधाएं
वाराणसी। शहर के प्राचीन और पौराणिक महत्व वाले पिशाचमोचन कुंड के कायाकल्प की दिशा में नगर निगम ने तैयारी शुरू कर दी है। कुंड और उसके आसपास के क्षेत्र को श्रद्धालुओं व पर्यटकों के लिए अधिक आकर्षक और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से व्यापक सुंदरीकरण कार्य किए जाएंगे। इसी क्रम में रविवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पिशाचमोचन कुंड क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने सबसे पहले कुंड की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और आसपास बने पाथवे को और अधिक सुंदर व व्यवस्थित बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि काशी के तालाब धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, इसलिए यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर और विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
नगर आयुक्त ने पाथवे के किनारे आकर्षक वाल पेंटिंग कराने तथा श्रद्धालुओं के बैठने के लिए जगह-जगह बेंच लगाने के निर्देश दिए। साथ ही धूप और बारिश से बचाव के लिए खाली स्थानों पर कैनोपी (शेड) लगाने की योजना भी तैयार करने को कहा गया, ताकि पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। रात के समय कुंड की सुंदरता बढ़ाने के लिए पूरे पाथवे पर आकर्षक फैंसी स्ट्रीट लाइटें लगाने की भी योजना है।

निरीक्षण के दौरान पिशाचमोचन कुंड के पास स्थित पार्क का भी जायजा लिया गया। नगर आयुक्त ने मंदिर के पास छठ पूजा के लिए एक व्यवस्थित और सुरक्षित स्थान विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छठ जैसे बड़े पर्वों के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं, इसलिए पहले से ही बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।
इसके अलावा शहर के प्रमुख मार्गों के सौंदर्यीकरण पर भी जोर दिया गया। नगर आयुक्त ने दशाश्वमेध-गोदौलिया मार्ग पर लगे वाटर फव्वारों को जल्द से जल्द क्रियाशील करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों की सुविधा को देखते हुए इस मार्ग पर लगी सौर लाइटों के स्थान पर अधिक प्रकाश वाली फैंसी लाइटें लगाई जाएं, जिससे रात में मार्ग और अधिक आकर्षक दिखाई दे।
निरीक्षण के दौरान श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के द्वार के पास होलिका दहन स्थल पर क्षतिग्रस्त हुए पत्थरों को भी जल्द ठीक कराने के निर्देश दिए गए। इस मौके पर उपसभापति नरसिंह दास, पार्षद इंद्रेश सिंह, मनीष गुप्ता, श्रवण गुप्ता, अमरेश कुमार, मुख्य अभियंता आरके सिंह, अधिशासी अभियंता, मार्ग प्रकाश व जलकल विभाग के अवर अभियंता तथा सफाई निरीक्षक समेत नगर निगम के कई अधिकारी उपस्थित रहे।

