कैंट स्टेशन के तत्काल काउंटर से पकड़ा गया दलाल, 57 टिकट मिले, आरपीएफ ने कराया कैंसिल
वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन के एसी के तत्काल टिकट काउंटर के पास आरपीएफ और सीआईबी की टीम ने टिकट दलाल को पकड़ा। उसके पास से 57 टिकट मिले। इसमें 48 पहले की डेट और 9 आगे की डेट के थे। आरपीएफ पकड़े गए आरोपी रोहनियां के केशरीपुर निवासी सुनील कुमार के खिलाफ विधिक कार्रवाई में जुटी रही। वहीं टिकटों को कैंसिल कराकर राशि रेलवे के कोष में जमा करा दी गई।
आरपीएफ इंस्पेक्टर संदीप कुमार यादव, सीआईबी प्रभारी निरीक्षक निलेश कुमार सिंह टीम के साथ बुधवार की शाम चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान एसी के तत्काल टिकट काउंटर के पास एक संदिग्ध को पकड़ा गया। उसके पास से 57 टिकट मिले। टिकटों की कीमत 244547 रुपये है। आधे से अधिक टिकट एसी के हैं।
आरपीएफ की ओर से आगे के टिकटों को कैंसिल कराकर उसकी 35695 रुपये धनराशि रेलवे के कोष में जमा कराई गई। आरपीएफ टीम में सुनील कुमार मिश्रा, राकेश सिंह, प्रमोद कुमार, सतीश, रोहित और वीरेंद्र शामिल रहे।

