पायलट ने विमान उड़ाने से किया इनकार, री-शेड्यूल हुई फ्लाइट, यात्रियों को घंटों करना पड़ा इंतजार

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार को मुंबई जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट के अचानक प्रभावित होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। फ्लाइट संख्या 6E6544 के पायलट ने तबीयत खराब होने की बात कहते हुए विमान उड़ाने से इनकार कर दिया। इसके बाद सिक्योरिटी होल्डिंग एरिया में बोर्डिंग का इंतजार कर रहे यात्रियों में नाराजगी फैल गई और उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया।

इंडिगो की यह फ्लाइट वाराणसी से मुंबई के लिए सुबह 10:45 बजे रवाना होनी थी। यात्रियों की सुरक्षा जांच पूरी हो चुकी थी और वे बोर्डिंग के लिए इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें पायलट की तबीयत खराब होने और उड़ान प्रभावित होने की जानकारी दी गई। अचानक मिली सूचना से यात्री परेशान हो गए।

आखिरी समय पर मिली जानकारी से नाराजगी
यात्रियों ने एयरलाइन प्रबंधन पर आरोप लगाया कि उन्हें उड़ान प्रभावित होने के संबंध में पहले से कोई सूचना नहीं दी गई। यात्रियों का कहना था कि एयरपोर्ट पहुंचने और सुरक्षा जांच पूरी करने के बाद अचानक फ्लाइट के समय में बदलाव की जानकारी मिलने से उनका पूरा कार्यक्रम प्रभावित हुआ। उन्होंने एयरलाइन अधिकारियों से स्थिति स्पष्ट करने और जल्द वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की।

एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, विमान संचालन के लिए तैनात पायलट की ड्यूटी अवधि पूरी हो चुकी थी और वह नियमानुसार आराम करना चाहता था। सूत्रों ने बताया कि ड्यूटी रोस्टर और एयरलाइन प्रबंधन के बीच समन्वय की कमी के कारण ऐसी स्थिति बनी। हालांकि, यात्रियों को दी गई जानकारी में पायलट की तबीयत खराब होने की बात कही गई। यात्रियों के हंगामे के बाद इंडिगो प्रबंधन ने वैकल्पिक क्रू की व्यवस्था शुरू की।

Share this story