काशी में जुटेंगे देशभर के फिजिशियन, यूपी एपिकॉन में आधुनिक चिकित्सा पर होगा मंथन
26-27 सितंबर को 43वां यूपी एपिकॉन, 25 सितंबर को पूर्व सम्मेलन वैज्ञानिक संगोष्ठी
वाराणसी। चिकित्सा विज्ञान में हो रहे नए शोध, आधुनिक उपचार पद्धतियों और रोगों की रोकथाम पर चर्चा के लिए वाराणसी में 43वें वार्षिक उत्तर प्रदेश अध्याय एसोसिएशन ऑफ फिजिशियंस ऑफ इंडिया सम्मेलन (यूपी एपिकॉन-2026) का आयोजन होगा। दो दिवसीय सम्मेलन 26 और 27 सितंबर को रोहनिया स्थित होटल लेमन ट्री और गोकुल धाम बैंक्वेट हॉल में आयोजित किया जाएगा। इससे पहले 25 सितंबर को पूर्व सम्मेलन वैज्ञानिक संगोष्ठी होगी।
इस वर्ष सम्मेलन की थीम ‘प्रिसिजन, प्रिवेंशन एंड प्रोग्रेस इन इंटरनल मेडिसिन’ रखी गई है। सम्मेलन में सटीक चिकित्सा, रोगों की समय से पहचान और रोकथाम, आधुनिक जांच तकनीक, प्रमाण आधारित चिकित्सा तथा उपचार की बदलती पद्धतियों पर विशेषज्ञ चर्चा करेंगे। उत्तर प्रदेश के अलावा देश के विभिन्न राज्यों से वरिष्ठ चिकित्सक, चिकित्सा शिक्षक, शोधकर्ता और युवा चिकित्सक इसमें हिस्सा लेंगे।
देश भर के विशेषज्ञ साझा करेंगे अनुभव
वैज्ञानिक सत्रों में दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, लखनऊ, उत्तराखंड, बिहार समेत विभिन्न स्थानों के विशेषज्ञ चिकित्सक और चिकित्सा शिक्षक शामिल होंगे। आंतरिक चिकित्सा के क्षेत्र में उभरती उपचार तकनीकों, जटिल रोगों के निदान, आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों और रोगी देखभाल से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार सम्मेलन का उद्देश्य चिकित्सकों के बीच ज्ञान-विनिमय और निरंतर चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा देना है।
उद्घाटन में बीएचयू कुलपति होंगे मुख्य अतिथि
उद्घाटन समारोह में काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी मुख्य अतिथि होंगे। एसोसिएशन ऑफ फिजिशियंस ऑफ इंडिया के अध्यक्ष एवं बीएचयू चिकित्सा विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. जी. नर्सिमुलु विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष प्रो. ज्योतिर्मय पाल, उत्तर प्रदेश अध्याय के चेयरमैन डॉ. संजय टंडन और निर्वाचित चेयरमैन डॉ. रिचा गिरी समेत अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। बीएचयू चिकित्सा विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. एसएन सांखवार भी प्रमुख अतिथियों में शामिल होंगे।
पद्मश्री चिकित्सकों को किया जाएगा सम्मानित
चिकित्सा और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उद्घाटन समारोह में पद्मश्री प्रो. कमलाकर त्रिपाठी और प्रो. श्याम सुंदर को सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार दोनों चिकित्सकों ने चिकित्सा, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। यूपी एपिकॉन-2026 का आयोजन डॉ. केके गुप्ता की अध्यक्षता में होगा। प्रो. एलपी मीणा आयोजन सचिव, प्रो. जया चक्रवर्ती सह-आयोजन अध्यक्ष और डॉ. अरुण कुमार सिंह कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। सम्मेलन में बदलती चिकित्सा तकनीकों और उपचार पद्धतियों पर विशेषज्ञों के अनुभव चिकित्सकों के साथ साझा किए जाएंगे।

