फूलपुर थाना प्रभारी निलंबित, पूछताछ के दौरान बंदी की तबीयत बिगड़ी, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
वाराणसी। थाने में बंदी से पूछताछ के दौरान पुलिस द्वारा दुर्व्यवहार किए जाने से उसकी तबीयत बिगड़ने की शिकायत पर डीसीपी गोमती जोन ने फूलपुर थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह को निलंबित कर दिया। बंदी को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए थे। इसको गंभीरता से लेते हुए एसओ के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
खालिसपुर निवासी महेश राजभर को पुलिस ने एक मामले में हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी। इसी दौरान घबराहट के कारण बंदी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। आननफानन में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इलाज के बाद महेश की तबीयत ठीक है।
महेश के परिजनों ने आरोप लगाया कि पूछताछ के दौरान पुलिस ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। इसके चलते उनकी तबीयत बिगड़ी। मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंचा। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी ने फूलपुर एसओ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

