ऑपरेशन चक्रव्यूह में फूलपुर पुलिस की बड़ी सफलता, तीन वाहन चोर गिरफ्तार, चार चोरी की बाइक बरामद
वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी के गोमती जोन में चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत थाना फूलपुर पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही पर कुल चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों में तीन हीरो स्प्लेंडर प्लस और एक टीवीएस अपाचे शामिल है। मामले में पुलिस ने संबंधित मुकदमों में बीएनएस की अतिरिक्त धाराएं बढ़ाते हुए आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस उपायुक्त एवं अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन के निर्देशन में सोमवार को थाना फूलपुर पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति और वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सुरही अंडरपास के पास घेराबंदी कर मिथिलेश कुमार, विकास राय और डबलू को तीन बिना नंबर की चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर पास में छिपाकर रखी गई एक अन्य चोरी की बाइक भी बरामद कर ली गई।
पूछताछ में तीनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से संगठित तरीके से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहनों को अलग-अलग स्थानों पर छिपा देते थे और ग्राहक मिलने पर उन्हें औने-पौने दामों में बेचकर रकम आपस में बराबर बांट लेते थे। आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने हीरो स्प्लेंडर प्लस (UP65CJ4681) को औद्योगिक क्षेत्र स्थित कैम्पा कोला कंपनी के बाहर से, दूसरी स्प्लेंडर (UP65DK2468) को सीएनजी गैस स्टेशन के पीछे स्थित कंपनी परिसर से, तीसरी स्प्लेंडर (UP65BD8591) को चिरईगांव क्षेत्र से तथा टीवीएस अपाचे (UP67Z2354) को सिंधौरा बाजार स्थित स्टेट बैंक के पास से चोरी किया था। पुलिस द्वारा चेसिस नंबर के आधार पर ई-चालान ऐप से वाहनों की पहचान की गई।
जांच में बरामद दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें थाना फूलपुर में दर्ज वाहन चोरी के मुकदमों से संबंधित मिलीं, जबकि तीसरी स्प्लेंडर चौबेपुर थाना क्षेत्र से चोरी होना सामने आया है। वहीं टीवीएस अपाचे सिंधौरा थाने में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित पाई गई। इसके बाद पुलिस ने अभियोग में धारा 317(2), 317(5) एवं 241 बीएनएस की बढ़ोतरी कर दी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जौनपुर जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र निवासी मिथिलेश कुमार, विकास राय और डबलू के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मिथिलेश और विकास के खिलाफ वाराणसी और जौनपुर के विभिन्न थानों में वाहन चोरी और चोरी की संपत्ति रखने से संबंधित कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। डबलू के खिलाफ भी वाहन चोरी के मामलों में कार्रवाई दर्ज है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर वाहन चोरी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। बरामद मोटरसाइकिलों को उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जबकि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

