बीएचयू में पीएचडी स्कॉलर का बैग चोरी, लैपटॉप संग रिसर्च डेटा भी हुआ गायब
वाराणसी। बीएचयू में एक पीएचडी स्कॉलर का लैपटॉप सहित बैग चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना से छात्रों में चिंता का माहौल है। चोरी गए लैपटॉप में महत्वपूर्ण रिसर्च डेटा भी मौजूद था। घटना की सूचना मिलते ही लंका थाना पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।
आयुर्विज्ञान संस्थान (आईएमएस) के पीएचडी स्कॉलर हिमांशु शर्मा किसी कार्य से विश्वविद्यालय परिसर स्थित बिरला ग्राउंड के पास गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोर ने मौका पाकर उनका बैग गायब कर दिया। कुछ देर बाद जब छात्र ने अपना बैग ढूंढा तो वह वहां नहीं मिला, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि चोरी हुए बैग में लैपटॉप के अलावा एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, विश्वविद्यालय का पहचान पत्र (आईडी) और हेल्थ कार्ड समेत कई जरूरी दस्तावेज थे। सबसे अहम बात यह है कि लैपटॉप में छात्र के शोध से संबंधित महत्वपूर्ण डेटा भी सुरक्षित था, जिसके चोरी हो जाने से उन्हें शैक्षणिक नुकसान होने की आशंका है।
थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि छात्र की तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

