आदमपुर में विदेशी नागरिक के उत्पात पर भड़के लोग, पिटाई का वीडियो वायरल

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक विदेशी नागरिक द्वारा कथित रूप से हंगामा और राहगीरों से मारपीट किए जाने के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आरोप है कि लोगों ने विदेशी नागरिक की डंडों से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

 

स्थानीय लोगों के अनुसार, इटली का रहने वाला विदेशी नागरिक पिछले दो दिनों से शहर के अलग-अलग इलाकों में उत्पात मचा रहा था। आरोप है कि वह राह चलते लोगों से अभद्रता करने के साथ मारपीट भी कर रहा था, जिससे क्षेत्र में दहशत और नाराजगी का माहौल था।

 

बताया जा रहा है कि दो दिन पहले भी पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर चिकित्सकीय परीक्षण के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था। अस्पताल से बाहर आने के बाद उसने फिर से विभिन्न स्थानों पर हंगामा शुरू कर दिया। सोमवार रात आदमपुर क्षेत्र में भी उसने कथित रूप से कई लोगों के साथ मारपीट की, जिसके बाद मौजूद स्थानीय युवकों ने विरोध करते हुए उसकी पिटाई कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि विदेशी नागरिक नशे की हालत में दिखाई दे रहा था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने बताया कि विदेशी नागरिक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी स्वदेश वापसी के लिए दूतावास से संपर्क करने के साथ ही आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Share this story