गुलाबी मीनाकारी के फाइटर प्लेन में दिखा देशप्रेम, काशी के हुनर को मिला नया आसमान

WhatsApp Channel Join Now

एयर शो से प्रेरित होकर राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त शिल्पी कुंज बिहारी सिंह ने तैयार की लड़ाकू विमान की अनुकृति

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को कलाकृति समर्पित करने की तैयारी, देश-विदेश से मिले करीब 100 पीस के ऑर्डर

चांदी से बने फाइटर प्लेन को तैयार करने में लगा एक माह, कैलिफोर्निया और ऑस्ट्रेलिया से भी मांग

वाराणसी। गंगा के ऊपर भारतीय वायुसेना के शौर्य और पराक्रम का प्रदर्शन हो रहा है, तो काशी की गलियों में शिल्पकार अपने हुनर से देशप्रेम और सेना के प्रति सम्मान की भावना को नई पहचान दे रहे हैं। वाराणसी में आयोजित ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो से प्रेरित होकर राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त गुलाबी मीनाकारी के शिल्पकार कुंज बिहारी सिंह ने लड़ाकू विमान की अनूठी अनुकृति तैयार की है। गुलाबी मीनाकारी की बारीक कारीगरी से सजी यह कलाकृति काशी की पारंपरिक कला और आधुनिक भारत की सैन्य शक्ति के संगम को दर्शाती है। शिल्पकार इस कलाकृति को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को समर्पित करना चाहते हैं।

123

एक माह की मेहनत से तैयार हुआ गुलाबी मीनाकारी का फाइटर प्लेन

कुंज बिहारी सिंह बताते हैं कि एयर शो की जानकारी मिलने के बाद ही उन्होंने गुलाबी मीनाकारी से लड़ाकू विमान बनाने की तैयारी शुरू कर दी थी। इस कलाकृति को तैयार करने में करीब एक माह का समय लगा और इसमें 400 ग्राम चांदी का इस्तेमाल किया गया है। उनका कहना है कि गुलाबी मीनाकारी में हमेशा कुछ नया करने की कोशिश रहती है। इस बार भारतीय वायुसेना के प्रदर्शन ने उन्हें ऐसी कलाकृति तैयार करने की प्रेरणा दी, जो देश की सैन्य शक्ति के साथ काशी की पारंपरिक कला को भी प्रदर्शित करे।

123

देश-विदेश से मिले करीब 100 पीस के ऑर्डर, कारीगरों के लिए खुल रही नई राह

शिल्पकार कुंज बिहारी सिंह के मुताबिक, फाइटर प्लेन की तस्वीर कुछ ग्राहकों को भेजने के बाद उन्हें करीब 100 पीस के ऑर्डर मिले हैं। इनमें कैलिफोर्निया और ऑस्ट्रेलिया से मिली मांग भी शामिल है। गुलाबी मीनाकारी से तैयार इस उत्पाद को अलग-अलग आकारों में बनाने की मांग सामने आ रही है। इससे पारंपरिक शिल्प को नए बाजारों तक पहुंचाने और स्थानीय कारीगरों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की संभावनाएं बन रही हैं।

123

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी बनाई थी ब्रह्मोस मिसाइल की अनुकृति

कुंज बिहारी सिंह इससे पहले ऑपरेशन सिंदूर के दौरान ब्रह्मोस मिसाइल की अनुकृति भी गुलाबी मीनाकारी से तैयार कर चुके हैं। उनके अनुसार, इस कलाकृति को भी देश-विदेश में पसंद किया गया था। अब लड़ाकू विमान की नई कलाकृति के जरिए वह काशी की पारंपरिक कला को समकालीन विषयों से जोड़ रहे हैं। उनका प्रयास है कि गुलाबी मीनाकारी केवल सजावटी उत्पादों तक सीमित न रहे, बल्कि देश की उपलब्धियों, सैन्य पराक्रम और राष्ट्रीय गौरव को भी अपने भीतर समेटे।

123

योगी सरकार के संरक्षण से गुलाबी मीनाकारी को वैश्विक पहचान, युवाओं की बढ़ रही रुचि

कुंज बिहारी सिंह ने बताया कि योगी सरकार की ओर से जीआई और ओडीओपी उत्पादों के संरक्षण एवं प्रोत्साहन के लिए किए जा रहे प्रयासों से गुलाबी मीनाकारी को वैश्विक बाजार में नई पहचान मिली है। आर्थिक सहायता, निःशुल्क टूल किट, प्रशिक्षण और उत्पादों की बेहतर पैकिंग से जुड़े अवसरों ने इस पारंपरिक हस्तशिल्प को आगे बढ़ाने में मदद की है।उन्होंने कहा कि सरकारी संरक्षण और प्रोत्साहन से इस कला के प्रति युवाओं की रुचि फिर बढ़ रही है। जो युवा पीढ़ी इस पारंपरिक कला से दूर हो रही थी, अब वह दोबारा इससे जुड़ने लगी है। इससे काशी की सदियों पुरानी शिल्प परंपरा को आगे बढ़ाने के साथ कारीगरों की आजीविका के नए अवसर भी पैदा हो रहे हैं।

123

ओडीओपी और जीआई उत्पादों से काशी के हुनर को नई पहचान

वाराणसी की गुलाबी मीनाकारी अपनी बारीक कारीगरी, आकर्षक रंगों और पारंपरिक शिल्प शैली के लिए जानी जाती है। ओडीओपी (एक जिला, एक उत्पाद) और जीआई (भौगोलिक संकेतक) से जुड़ी इस कला को नए प्रयोगों के जरिए आगे बढ़ाने की कोशिश हो रही है। एयर शो से प्रेरित होकर तैयार की गई लड़ाकू विमान की कलाकृति दिखाती है कि काशी के शिल्पकार अपनी विरासत को समकालीन विषयों और राष्ट्रीय भावनाओं से जोड़कर नए अवसर तलाश रहे हैं। यह पहल कला, रोजगार और देशप्रेम को एक साथ जोड़ने का प्रयास है।

BK Pathak
BK Pathak

21362 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story