बाबतपुर एयरपोर्ट पर बस से नहीं, सीधे एयरोब्रिज से विमान तक पहुंचेंगे यात्री, समय की होगी बचत
वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर यात्रियों को जल्द ही विमान तक पहुंचने के लिए बसों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। एयरपोर्ट के विस्तार के तहत विमान से टर्मिनल भवन तक पहुंचने के लिए दो एयरोब्रिज बनाए जाएंगे। इससे यात्रियों को सीधे टर्मिनल से विमान तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी। साथ ही समय की बचत होगी और यात्रा अधिक सुविधाजनक बनेगी।
एयरपोर्ट के विस्तार के तहत दो एयरोब्रिज का निर्माण कराया जाएगा। इसके बनने से यात्रियों को विमान में चढ़ने और उतरने के लिए बसों के जरिये टर्मिनल तक नहीं पहुंचना पड़ेगा। यात्री टर्मिनल भवन से सीधे विमान तक पहुंच सकेंगे। इससे विशेष रूप से गर्मी और बारिश के मौसम में यात्रियों को राहत मिलेगी।
बढ़ेगी यात्रियों की सुविधा
वर्तमान में विमान से उतरने के बाद यात्रियों को बसों के जरिये टर्मिनल भवन तक पहुंचाया जाता है। इसी तरह विमान में सवार होने के लिए भी यात्रियों को बस से विमान तक जाना पड़ता है। एयरोब्रिज बनने के बाद इस प्रक्रिया में बदलाव आएगा। यात्री टर्मिनल से सीधे एयरोब्रिज के रास्ते विमान तक पहुंच सकेंगे। एयरोब्रिज एक बंद और सुरक्षित रास्ता होता है, जिसके जरिए यात्री टर्मिनल भवन से विमान में प्रवेश करते हैं। इससे यात्रियों को मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों से भी बचाव मिलेगा। इसके अलावा विमान से उतरने के बाद टर्मिनल तक पहुंचने की प्रक्रिया भी आसान होगी।
घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए अलग-अलग टर्मिनल
एयरपोर्ट के विस्तार के तहत घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए अलग-अलग टर्मिनल भवन बनाए जाने की योजना है। घरेलू उड़ानों के लिए अलग टर्मिनल और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए अलग टर्मिनल का उपयोग किया जाएगा। दोनों टर्मिनल भवनों को जोड़ने के लिए एयरोब्रिज बनाए जाएंगे। इससे यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित करने और एयरपोर्ट की सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। एयरपोर्ट विस्तार की इन योजनाओं से वाराणसी आने-जाने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

