पैगंबर मोहम्मद साहब के खिलाफ की अपमानजनक टिप्पणी से पसमांदा मुसलमानों में आक्रोश, पुलिस आयुक्त को पत्रक सौंपकर कार्रवाई की मांग की
वाराणसी। मुस्लिम महिला नाजिया इलाही खान की ओर से पैगंबर मोहम्मद साहब के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी से राष्ट्रीय पसमांदा सेवा समिति के सदस्यों में रोष है। संगठन की ओर से शनिवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल को पत्रक सौंपकर महिला के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई। चेताया कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वाराणसी से शुरू हुआ यह आंदोलन देशव्यापी रूप धारण करेगा।

राष्ट्रीय पसमांदा सेवा समिति की महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि नाजिया इलाही खान की ओर से जानबूझकर सोशल मीडिया के जरिये पैगंबर मोहम्मद साहब के खिलाफ अपमानजनक और गुस्ताखी भरी टिप्पणी की गई। इसके जरिये देश-दुनिया के करोड़ों मुसलमानों की भावनाओं को आघात पहुंचा है।

उन्होंने कहा कि नाजिया खान के इस कृत्य से पसमांदा समाज की माताओं-बहनों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। इसको लेकर समाज में गहरा आक्रोश है। उन्होंने कहा कि हम कानून और शांति में विश्वास रखते हैं, इसलिए प्रशासन से मांग करते हैं कि भारतीय न्याय संहिता के तहत सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाए।

