पार्किंग नियमावली से दूर होगी जाम की समस्या, शहर में बनेंगे नए पार्किंग स्थल

123
WhatsApp Channel Join Now

नगर निगम, विकास प्राधिकरण, यातायात पुलिस और नगर नियोजन विभाग मिलकर तैयार करेंगे नियमावली, मल्टीलेवल पार्किंग से बढ़ेगी वाहन खड़े करने की क्षमता

वाराणसी। शहर की प्रमुख सड़कों पर लगने वाले जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित किया जाएगा। इसके लिए जल्द ही नई पार्किंग नियमावली बनाई जाएगी। नगर निगम, विकास प्राधिकरण, यातायात पुलिस, विकास प्राधिकरण और नगर नियोजन विभाग संयुक्त रूप से इस दिशा में कार्य करेंगे। नई व्यवस्था के तहत शहर में पार्किंग स्थलों का विकास करने के साथ वाहनों को निर्धारित स्थानों पर खड़ा करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

महापौर अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि शहर में जाम की समस्या का समाधान करने के लिए पार्किंग नियमावली तैयार करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। इसके लागू होने से प्रमुख सड़कों पर बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े करने की समस्या पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया जाएगा।

निजी पार्किंग संचालकों के लिए तय होंगे नियम
नई नियमावली में निजी पार्किंग संचालकों के लिए भी प्रावधान किए जाएंगे। पार्किंग स्थलों में वाहनों की संख्या और उनके खड़े करने की व्यवस्था के साथ निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग के लिए अलग-अलग व्यवस्था करने पर भी विचार किया जा रहा है।

मल्टीलेवल पार्किंग से मिलेगी राहत
शहर में पार्किंग की बढ़ती जरूरत को देखते हुए मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है। ऑटो और ई-रिक्शा की पार्किंग के लिए पिकअप एवं ड्रॉपिंग प्वाइंट निर्धारित किए जाएंगे, जिससे सड़कों पर अनावश्यक भीड़ न लगे। इसी क्रम में मैदागिन स्थित मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है। करीब 9.84 करोड़ रुपये की लागत से बन रही इस पार्किंग से शहर में वाहनों को व्यवस्थित ढंग से खड़ा करने में मदद मिलेगी।

200 से अधिक कारें खड़ी करने की क्षमता
मैदागिन में निर्माणाधीन मल्टीलेवल पार्किंग में 200 से अधिक चारपहिया वाहनों को खड़ा करने की क्षमता होगी। इससे आसपास के व्यस्त इलाकों में पार्किंग का दबाव कम करने और यातायात व्यवस्था सुधारने में मदद मिलने की उम्मीद है। नई पार्किंग नियमावली और अतिरिक्त पार्किंग स्थलों के विकास से शहरवासियों को जाम की समस्या से राहत मिलने की संभावना है।

Share this story