मंडलीय कार्यालय में बनेगी 1357 वाहनों की पार्किंग, 150 करोड़ से 10 मंजिला इमारत का होगा निर्माण

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सर्किट हाउस के पास 10 मंजिला मंडलीय कार्यालय का निर्माण कराया जाएगा। 150 करोड़ की लागत से बनने वाली इस इमारत में 1357 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था होगी। 610 चार पहिया और 757 दो पहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग का निर्माण कराया जाएगा। 

यह परियोजना लगभग 2.70 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित की जाएगी। यहां कुल 1357 वाहनों की पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होगी, जिसमें 610 चार पहिया और 757 दोपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था बनाई जाएगी। वर्तमान समय में सर्किट हाउस, विकास भवन, कचहरी, कलेक्ट्रेट और आसपास के क्षेत्रों में सड़क किनारे पार्किंग होने के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। नई परियोजना के शुरू होने के बाद इस समस्या से काफी हद तक निजात मिलने की संभावना जताई जा रही है।

परियोजना के अंतर्गत बनने वाले बहुमंजिला भवन में मंडल के 59 विभागों के कार्यालयों को भी स्थानांतरित किया जाएगा। इससे विभिन्न सरकारी दफ्तर एक ही परिसर में संचालित हो सकेंगे और लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। आम नागरिकों को एक ही स्थान पर कई सरकारी सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

भवन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की योजना बनाई गई है। इसमें कॉन्फ्रेंस हॉल, प्रत्येक फ्लोर पर कैंटीन, एटीएम, फूड कोर्ट और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इसके अलावा कर्मचारियों और आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था भी की जाएगी।

Share this story