पांडेयपुर चौराहे का होगा कायाकल्प, बनेगा नया ट्रैफिक प्लान, जाम से मिलेगी राहत

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील यातायात केंद्रों में शामिल पांडेयपुर चौराहे की तस्वीर जल्द बदलने वाली है। लगातार लगने वाले जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से चौराहे के पुनर्विकास और यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने की दिशा में काम तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में रविवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पांडेयपुर चौराहे का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

123

नगर आयुक्त ने चौराहे पर यातायात के दबाव का जायजा लिया और जाम की प्रमुख वजहों की समीक्षा की। उन्होंने सड़क पर वाहनों का दबाव कम करने के लिए चौराहे के पास स्थित डिवाइडर हटाने तथा ऑटो चालकों के लिए अलग से निर्धारित ऑटो स्टैंड विकसित करने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि ऑटो के अनियंत्रित खड़े होने से अक्सर यातायात बाधित होता है, इसलिए व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था आवश्यक है।

123

नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पांडेयपुर चौराहे के सुंदरीकरण और पुनर्विकास की कार्ययोजना को जल्द अंतिम रूप दिया जाए। इसके लिए नगर निगम, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और यातायात विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर निर्धारित समय सीमा में कार्य शुरू किया जाए।

123

उन्होंने नगर निगम के मुख्य अभियंता सुरेश चंद्र को आर्किटेक्ट आफताब, पीडब्ल्यूडी तथा यातायात विभाग के अधिकारियों के साथ तत्काल बैठक कर प्रस्तावित डिजाइन और कार्ययोजना को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने कहा कि परियोजना का उद्देश्य केवल चौराहे का सौंदर्यीकरण नहीं, बल्कि यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुचारु और आधुनिक बनाना भी है।

नगर निगम का मानना है कि चौराहे के पुनर्विकास, ऑटो स्टैंड के व्यवस्थित संचालन और यातायात प्रबंधन में सुधार से पांडेयपुर क्षेत्र में लगने वाले जाम में उल्लेखनीय कमी आएगी, जिससे स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और राहगीरों को बड़ी राहत मिलेगी। निरीक्षण के दौरान पार्षद मदन मोहन दुबे, पार्षद अशोक कुमार मौर्य, नगर निगम के अधिशासी अभियंता एम.के. सिंह तथा लोक निर्माण विभाग के अभियंता सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सभी संबंधित विभागों के समन्वय से परियोजना को शीघ्र धरातल पर उतारा जाएगा।

Share this story