स्टेटस में लिखा दर्द, गंगा किनारे मिला शव : वाराणसी में युवक की मौत से सनसनी
वाराणसी। चितईपुर थाना क्षेत्र के करौंदी इलाके से लापता युवक की तलाश का अंत उस वक्त दर्दनाक हो गया, जब उसकी लाश रविदास घाट पर मिली। सोशल मीडिया पर भावुक स्टेटस डालने के कुछ घंटों बाद युवक के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

स्टेटस ने बढ़ाई चिंता, कुछ देर बाद हुआ लापता
मृतक की पहचान निखिल राय उर्फ निशु के रूप में हुई है। एक दिन पहले सुबह करीब 10:21 बजे उसने सोशल मीडिया पर एक भावुक स्टेटस डाला था, जिसमें डॉक्टर और दवाइयों से परेशान होने की बात लिखते हुए “गंगा मां” का जिक्र किया गया था। यह स्टेटस पढ़कर परिजनों और जानने वालों को चिंता जरूर हुई, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि मामला इतना गंभीर हो जाएगा।
घर से निकला, फिर नहीं लौटा
स्टेटस डालने के कुछ ही देर बाद निखिल अपनी स्प्लेंडर बाइक (UP65FV2316) से घर से निकला और उसके बाद वापस नहीं लौटा। जब देर रात तक वह घर नहीं पहुंचा, तो परिजन उसकी तलाश में जुट गए। आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

रविदास घाट पर मिला शव
मंगलवार सुबह रविदास घाट पर एक युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और पहचान कराने पर वह निखिल राय निकला। इस खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
पुलिस जांच में जुटी, इलाके में शोक
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और लोग इस घटना से स्तब्ध हैं।

