नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में काशी में निकली पदयात्रा, हस्ताक्षर अभियान 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। केंद्र सरकार द्वारा पारित ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के समर्थन में गुरुवार को जिला एवं महानगर महिला मोर्चा के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल पदयात्रा और हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जन-जागरूकता बढ़ाना और महिलाओं की भागीदारी के इस महत्वपूर्ण कानून के प्रति समर्थन जुटाना रहा।

पदयात्रा शास्त्री घाट से प्रारंभ होकर कचहरी होते हुए जिला मुख्यालय से गुजरते हुए अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर समाप्त हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे मार्ग में “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम” और “नारी सशक्तिकरण” के नारे गूंजते रहे, जिससे माहौल ऊर्जा और जोश से भर गया।

कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा भी उपस्थित रहे। वहीं कार्यक्रम की संयोजिका साधना वेदांती ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि “नारी शक्ति वंदन अधिनियम केवल एक कानून नहीं, बल्कि महिलाओं को उनका अधिकार और सम्मान दिलाने की दिशा में एक क्रांतिकारी पहल है। इससे राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी और वे नीति निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा सकेंगी।”

पदयात्रा के दौरान सर्किट हाउस के पास हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और नागरिकों ने भाग लेकर अधिनियम के प्रति अपनी सहमति और समर्थन दर्ज कराया। इस पहल ने समाज में जागरूकता फैलाने के साथ-साथ महिलाओं के अधिकारों को लेकर सकारात्मक संदेश भी दिया।

इस अवसर पर महिला मोर्चा की कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहीं। प्रमुख रूप से सह संयोजिका रचना अग्रवाल, खुशबू सिंह, आशा गुप्ता, प्रज्ञा पाण्डेय, विनीता सिंह, निर्मला सिंह पटेल, नेहा कक्कड़, सुरेखा सिंह, उषा मौर्य, साधना पाण्डेय, उषा सिंह, गीता शर्मा और कंचन निशा सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भागीदारी निभाई।

Share this story