पद्मश्री प्रो. टी.के. लहरी से मिले आशुतोष सिंह ‘यीशु’, परिजनों से वीडियो कॉल पर कराई बातचीत

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। बीएचयू स्थित सर सुंदरलाल अस्पताल में भर्ती पद्मश्री सम्मानित एवं हृदय रोग विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. टी.के. लहरी से सोमवार को वरिष्ठ छात्र नेता आशुतोष सिंह ‘यीशु’ ने मुलाकात की। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर प्रो. लहरी का कुशलक्षेम जाना और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कुछ समय प्रो. लहरी के साथ बिताया तथा उनके स्वास्थ्य को लेकर चिकित्सकीय स्थिति की जानकारी प्राप्त की।

आशुतोष सिंह ‘यीशु’ ने बताया कि प्रो. टी.के. लहरी के परिजनों ने ई-मेल के माध्यम से उनसे संपर्क किया था। इस ई-मेल में काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कुलपति को भी संबोधित करते हुए प्रतिलिपि में रखा गया था। परिजनों की चिंता को देखते हुए उन्होंने अस्पताल पहुंचकर प्रो. लहरी से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना।

वीडियो कॉल के जरिए परिजनों से कराई बातचीत
मुलाकात के दौरान आशुतोष सिंह ने वीडियो कॉल के माध्यम से प्रो. लहरी के परिजनों की उनसे सीधे बातचीत कराई। वीडियो कॉल पर परिजनों ने प्रो. लहरी से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान परिजनों को उनसे सीधे बात करने का अवसर मिला, जिससे उन्हें काफी राहत मिली।

लहरी के प्रति जताया आत्मीय सम्मान
वरिष्ठ छात्र नेता आशुतोष सिंह ‘यीशु’ ने कहा कि प्रो. टी.के. लहरी के प्रति उनके मन में हमेशा से गहरा सम्मान और आत्मीयता रही है। उन्होंने कहा कि प्रो. लहरी का स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए सदैव महत्वपूर्ण रहा है। ऐसे समय में अस्पताल पहुंचकर उनसे मिलना और उनके परिजनों से वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत कराना उनके लिए आत्मीय संतोष का विषय है।

उन्होंने कहा कि प्रो. टी.के. लहरी ने लंबे समय तक चिकित्सा क्षेत्र में अपनी सेवाएं देकर मरीजों के बीच विशिष्ट पहचान बनाई है। उनके योगदान के कारण काशी और बीएचयू से जुड़े लोगों में उनके प्रति विशेष सम्मान है। वर्तमान में उनके स्वास्थ्य को लेकर परिजनों और शुभचिंतकों में चिंता बनी हुई है। आशुतोष सिंह ‘यीशु’ ने बाबा विश्वनाथ से प्रो. टी.के. लहरी के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। उन्होंने कामना की कि बाबा विश्वनाथ की कृपा से लहरी सर जल्द स्वस्थ हों और सभी को लंबे समय तक उनका स्नेह, आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन मिलता रहे।

Share this story