अस्सी घाट पर गंगा में डूब रहे युवक को पीएसी जवानों ने बचाया, सुरक्षित निकालकर परिजनों को सौंपा
वाराणसी। अस्सी घाट पर गुरुवार को गंगा में स्नान के दौरान डूब रहे युवक को बचाकर 36वीं वाहिनी पीएसी, रामनगर के तीन जवानों ने साहस और तत्परता की मिसाल पेश की। गंगा में युवक को डूबता देख ड्यूटी पर तैनात जवान तत्काल बचाव अभियान में जुट गए। संयुक्त प्रयास से उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई करते हुए युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
गुरुवार को अस्सी घाट पर ड्यूटी कर रहे पीएसी जवानों की नजर गंगा में डूब रहे व्यक्ति पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आरक्षी हरिशंकर मौर्य ने बिना देर किए गंगा में छलांग लगा दी। वहीं, मुख्य आरक्षी हरेन्द्र यादव और आरक्षी शनि देवल गुप्ता भी तत्काल बचाव कार्य में जुट गए। तीनों जवानों ने आपसी समन्वय के साथ युवक को गंगा से बाहर निकाल लिया।
स्नान के दौरान डूबने लगा था सूरज पाल
बचाए गए युवक की पहचान सूरज पाल के रूप में हुई है। वह लखनऊ के चिनहट क्षेत्र के नरेंदी जुग्गोर का निवासी है। बताया गया कि गंगा में स्नान करते समय वह डूबने लगा था। इसी दौरान घाट पर तैनात पीएसी जवानों की उस पर नजर पड़ गई। जवानों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

अस्सी घाट पुलिस चौकी पर परिजनों को सौंपा
गंगा से बाहर निकालने के बाद सूरज पाल को अस्सी घाट पुलिस चौकी लाया गया। आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। युवक के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और जवानों की तत्परता के लिए आभार जताया।
साहस और सेवा भाव की पेश की मिसाल
घाट पर मौजूद लोगों ने पीएसी जवानों के साहस और त्वरित कार्रवाई की सराहना की। उनका कहना था कि समय रहते जवानों के सक्रिय होने से बड़ा हादसा टल गया। तीनों जवानों ने अपनी ड्यूटी के साथ मानवता और सेवा भाव का भी परिचय दिया।

