देव दीपावली पर 15 लाख श्रद्धालुओं की सुरक्षा में तैनात होंगे 4000 से अधिक पुलिसकर्मी, 25 IPS और 50 PPS संभालेंगे कमान

WhatsApp Channel Join Now

मंडलायुक्त और डीएम के साथ पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने घाटों का किया निरीक्षण

सीआरपीएफ-पीएसी के साथ क्यूआरटी भी रहेगी मुस्तैद, ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी

वाराणसी। देव दीपावली पर्व पर काशी में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट ने सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। 24 नवंबर को आयोजित होने वाले इस भव्य आयोजन में करीब 10 से 15 लाख श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के वाराणसी पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए 4000 से अधिक महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों के साथ 25 से अधिक आईपीएस और 50 से अधिक पीपीएस अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था में सीआरपीएफ, पीएसी और क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) भी शामिल रहेंगी।

बुधवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के साथ गंगा घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान वीवीआईपी अतिथियों के आगमन, श्रद्धालुओं की भीड़, नौका संचालन, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

123

जोन और सेक्टर में बंटेंगे घाट, प्रवेश-निकास पर विशेष नजर
सुरक्षा के लिहाज से संपूर्ण घाट क्षेत्र और आसपास के संवेदनशील स्थानों को विभिन्न जोन एवं सेक्टरों में विभाजित किया जाएगा। घाटों पर प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं, बैरिकेडिंग और पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। भीड़ के दबाव वाले स्थानों को चिह्नित कर विशेष निगरानी की जाएगी। रामनगर की ओर स्थित घाटों पर भी श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

नावों पर क्षमता से अधिक सवारी बैठाने पर रोक
गंगा में नौका संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। नावों पर निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी बैठाने पर रोक रहेगी और लाइफ जैकेट का इस्तेमाल अनिवार्य होगा। जल पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीमें मोटरबोट के साथ नदी में लगातार निगरानी करेंगी।

मल्टीलेवल पार्किंग और डायवर्जन से संभलेगा यातायात
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विस्तृत यातायात डायवर्जन प्लान तैयार किया जा रहा है। पर्व के दौरान निर्धारित व्यवस्था के तहत मालवाहक वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। शहर में आने वाले वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों के साथ मल्टीलेवल पार्किंग का उपयोग कराया जाएगा। दालमंडी की ओर विकसित हो रहे नए मार्ग पर भी पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी है। डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों की जानकारी मीडिया एवं सोशल मीडिया के माध्यम से पहले ही दी जाएगी।

पुलिसकर्मियों को मिलेगी सॉफ्ट स्किल ट्रेनिंग
घाटों और आसपास के क्षेत्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से की जाएगी। कंट्रोल रूम के जरिए भीड़ पर नजर रखी जाएगी। अग्निशमन और चिकित्सा सेवाओं को भी अलर्ट रखा जाएगा। इसके अलावा ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को सॉफ्ट स्किल ट्रेनिंग देकर श्रद्धालुओं और पर्यटकों से विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस आयुक्त ने कहा कि काशी आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु हमारा अतिथि है। पुलिसकर्मी सेवा, सुरक्षा और संवेदनशीलता के भाव से अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

देव दीपावली पर घाटों पर करीब 11 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके साथ गंगा आरती, लेजर शो, ड्रोन शो, आतिशबाजी और गंगा महोत्सव के कार्यक्रम होंगे। पुलिस आयुक्त ने कहा कि आयोजन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय किरीट राठोड समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

BK Pathak
BK Pathak

21846 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story