मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका, 28-29 नवंबर को सभी बूथों पर लगेंगे विशेष शिविर

WhatsApp Channel Join Now

डीएम ने राजनीतिक दलों से बीएलए की उपस्थिति सुनिश्चित कराने की अपील की, आठ विधानसभा क्षेत्रों के 373 बूथों पर अब तक नहीं मिला फॉर्म-6

वाराणसी। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत आगामी 28 और 29 नवंबर को जिले के सभी बूथों पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में बीएलओ मौजूद रहकर पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने, नाम एवं अन्य विवरणों में संशोधन तथा अपात्र प्रविष्टियों को हटाने से संबंधित आवेदन प्राप्त करेंगे। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में यह जानकारी दी गई।

जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और दोनों दिनों में अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की उपस्थिति सुनिश्चित कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि विशेष पुनरीक्षण का उद्देश्य एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराना है। इसके लिए राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी अपने स्तर से लोगों को जागरूक करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

123

बैठक में 17 से 23 नवंबर 2026 तक प्राप्त फॉर्म-6, 7 और 8 की विधानसभा क्षेत्रवार स्थिति राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा की गई। समीक्षा में सामने आया कि शहर उत्तरी के 27, अजगरा के 115, शिवपुर के 41, रोहनिया के 111, वाराणसी उत्तरी के 43, वाराणसी दक्षिणी के सात, वाराणसी कैंट के आठ और सेवापुरी के 21 बूथों पर अब तक फॉर्म-6 प्राप्त नहीं हुआ है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन बूथों पर विशेष ध्यान देकर पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि फॉर्म-6 भरते समय मतदाता का क्रमांक, ईपीआईसी नंबर और सूचना का स्रोत दर्ज करना अनिवार्य होगा। गलत सूचना देने पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा-31 के तहत कार्रवाई की जा सकती है। उन्होंने बताया कि बूथ लेवल एजेंट एक बार में अधिकतम 10 और पूरी पुनरीक्षण अवधि में कुल 30 फॉर्म आवश्यक घोषणा पत्र के साथ जमा कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज करा सकते हैं। इसके साथ आयु एवं निवास संबंधी साक्ष्य और हालिया पासपोर्ट आकार की रंगीन फोटो देनी होगी। मतदाता सूची में पहले से दर्ज नाम, पता या अन्य विवरणों में संशोधन तथा फोटो बदलवाने के लिए फॉर्म-8 और किसी नाम को हटाने के लिए फॉर्म-7 भरना होगा।

बैठक में राजनीतिक दलों को फॉर्मों के संकलन के साथ फॉर्म-9, 10, 11, 11ए और 11बी की प्रतियां भी उपलब्ध कराई गईं। इनका विवरण निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला प्रशासन की वेबसाइट पर अपलोड किया जा रहा है। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी, भाजपा, बसपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज कुमार सहित निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

BK Pathak
BK Pathak

22011 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story