अखिलेश को ओपी राजभर की नसीहत - कम से कम तेरहवीं तक तो रुक गए होते, फिर कर लेते राजनीति...

WhatsApp Channel Join Now
  • मंत्रिमंडल के विभाग बंटवारे पर किये अखिलेश के वार पर ओम प्रकाश राजभर का पलटवार 
  • कहा- मंत्री बनने का इतना ही मन हो रहा तो ज्वाइन कर लें सुभासपा, सीएम योगी से झगड़कर मंत्री बनवा दूंगा
  • अखिलेश को बताया सत्ता लोभी, बोले परिवार है परेशान, आप कर रहे दूसरे के घर में ताक-झांक 
  • ओम प्रकाश राजभर ने कसा तंज, ''बेगाने मंत्रिमंडल में अखिलेश दीवाना''
  • भोजपुरी में अखिलेश से बोले राजभर, 'लागत ह तू लाज सरम सब घोर के पी गयल हउवा'

योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर सत्ता का लालची होने का आरोप लगाया है। उन्होंने पोस्ट में कहा कि सत्ता पाने की इतनी लालसा है कि घर में शोक होने के बाद भी राजनीति से बाज नहीं आ रहे हैं। दरअसल बीते 13 मई को प्रतीक यादव का निधन हुआ था। उनके निधन के दो दिन बाद ही, 15 मई को अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर योगी सरकार में हुए मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर तंज भरा पोस्ट किया था। इसी को लेकर अब ओपी राजभर ने अखिलेश यादव को निशाने पर लिया है।

ं

पूरा परिवार परेशान हैं, आपको राजनीति सूझ रही- ओपी राजभर
ओपी राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव जी अभी आपके भाई का देहांत हुआ, पूरा परिवार आपका परेशान है। इसी वजह से हम भी आपके दुख में शामिल हैं और आपकी समाज बांटने वाली राजनीति पर लिखना बोलना मैंने बंद कर दिया था। कैबिनेट मंत्री ने आगे लिखा कि हमें लगा कि आप दुख में होंगे, लेकिन आप तो सत्ता के इतने बड़े लालची हैं कि परिवार में शोक होने के बाद भी राजनीति कर रहे हैं। आपको खुद के घर से ज्यादा दूसरों के घरों के मामलों की चिंता है।

'कम स कम तेरहवीं तक तो रुक जाते'- राजभर
ओम प्रकाश राजभर ने अपने पोस्ट के जरिए अखिलेश को नसीहत देते हुए कहा कि कम से कम तेरहवीं तक तो रुक जाते, उसके बाद ही अपनी राजनीति कर लेते। हम आपको कुछ सुनाते और आप हमको कुछ कहते लेकिन आपका रंग-ढंग गोलोकगामी भाई साहब देखते होंगे तो आपके बारे में क्या सोचते होंगे?

राजभर ने आगे कहा- "रही बात मंत्रिमंडल विस्तार और विभाग के बंटवारे की तो अभी विभागों का बंटवारा नहीं हुआ है, फिर आप क्यों परेशान हैं? आपको क्या लगता है कि आपको भी इस विस्तार में विभाग मिल जाएगा? अगर इतने ही लालायित हैं तो तुरंत सुभासपा ज्वाइन कर लीजिए, सीएम योगी से हम आपके लिए अड़ जाएंगे लेकिन आपको किसी ना किसी विभाग का मंत्री बनवाकर ही रहेंगे।" ओम प्रकाश राजभर ने भोजपुरी में लिखा है, ''लागत ह तू कुल लाज सरम घोर के पी गयल हउवा''

Share this story