बारात में सड़क का एक हिस्सा ही घेर सकेंगे, रात 10 बजे के बाद नहीं बजेगा डीजे, मैरिज लॉन में पार्किंग और सीसीटीवी अनिवार्य

WhatsApp Channel Join Now

शादियों का सीजन शुरू होते ही कमिश्नरेट पुलिस अलर्ट, पुलिस आयुक्त ने जारी की गाइडलाइन, पावन न करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई 

वैवाहिक आयोजनों में जाम और ध्वनि प्रदूषण रोकने के लिए पुलिस आयुक्त ने दिए निर्देश

वाराणसी। शहर में वैवाहिक आयोजनों और बारात के दौरान लगने वाले जाम, ध्वनि प्रदूषण और सुरक्षा संबंधी समस्याओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने बारात संचालकों, मैरिज लॉन और बारात घर संचालकों के साथ ही डीजे संचालकों को निर्धारित नियमों का पालन करने की हिदायत दी है। निर्देशों के मुताबिक बारात के दौरान सड़क के एक तिहाई से अधिक हिस्से पर कब्जा नहीं किया जा सकेगा। साथ ही रात 10 बजे के बाद डीजे और लाउडस्पीकर बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।

पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिया है कि बारात निकालते समय रस्सों का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल किया जाए, ताकि बारात सड़क के सीमित हिस्से में रहे और अन्य वाहनों का आवागमन बाधित न हो। बारात घर संचालकों को बारात निकालने से पहले स्थानीय थाने को सूचना देना अनिवार्य होगा। बिना सूचना बारात निकालने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

डीजे संचालकों को अश्लील, आपत्तिजनक और मर्यादा के विपरीत गाने नहीं बजाने की हिदायत दी गई है। डीजे की आवाज निर्धारित मानकों के अनुरूप ही रखनी होगी। ध्वनि मानकों का उल्लंघन करने पर संचालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई के साथ डीजे सीज किया जाएगा। वहीं, रात 10 बजे के बाद डीजे और लाउडस्पीकर का इस्तेमाल करने पर आयोजकों और संचालकों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

मैरिज लॉन और बारात घर संचालकों को परिसर में पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था करनी होगी। किसी भी स्थिति में वाहनों को मुख्य सड़क या सार्वजनिक मार्ग पर खड़ा नहीं किया जाएगा। इसके अलावा सभी मैरिज लॉन और बारात घरों में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने और उन्हें क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए हैं। अग्निशमन सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पालन करते हुए जरूरी उपकरण भी उपलब्ध रखने होंगे।

पुलिस आयुक्त ने सभी पुलिस उपायुक्तों (डीसीपी) को अपने-अपने क्षेत्रों में बारात घर, मैरिज लॉन और डीजे संचालकों के साथ बैठक कर दिशा-निर्देशों की जानकारी देने और उनका अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा है। थाना प्रभारियों को वैवाहिक आयोजनों के दौरान यातायात पर लगातार नजर रखने की जिम्मेदारी दी गई है।


शहर के प्रमुख तिराहों और चौराहों पर रात 11 बजे से यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस आपसी समन्वय से बारात के आवागमन का प्रबंधन करेंगी। जरूरत पड़ने पर यातायात डायवर्जन भी किया जाएगा। पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि नियमों की अनदेखी और लापरवाही मिलने पर संबंधित आयोजकों एवं संचालकों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी। आमजन का आवागमन सुगम बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता होगी।

BK Pathak
BK Pathak

21891 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story