लम्पी से गोवंश की सुरक्षा के लिए वाराणसी में एक माह का विशेष टीकाकरण अभियान शुरू
9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, एक लाख वैक्सीन पहुंची
39 टीमें और छह मोबाइल वेटरनरी वैन गांव-गांव जाकर कर रही टीकाकरण
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गोवंश संरक्षण के साथ उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा पर भी विशेष जोर दे रही है। गोवंश को लम्पी जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए समय-समय पर टीकाकरण अभियान चलाए जा रहे हैं। वाराणसी में लम्पी स्किन डिजीज से बचाव के लिए विशेष टीकाकरण अभियान 9 सितंबर से शुरू हो गया है। यह अभियान 8 अक्टूबर तक चलेगा। इस अभियान के लिए वाराणसी में एक लाख लम्पी वैक्सीन पहुंच चुकी है। पशुपालन विभाग की टीमें गांव-गांव जाकर गोवंश का टीकाकरण कर रही हैं। इसके साथ ही पशुपालकों को लम्पी स्किन डिजीज के लक्षण, बचाव और समय पर उपचार के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।
वाराणसी के मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आलोक सिंह ने बताया कि लम्पी वायरस से गोवंश को सुरक्षित रखने के लिए शासन के निर्देश पर विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। जिले में अभी तक किसी भी गोवंश में लम्पी संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है। इसके बावजूद पशुपालन विभाग पूरी तरह सतर्क और अलर्ट है, ताकि बीमारी के संभावित प्रसार को समय रहते रोका जा सके।
सीमावर्ती गांवों में पहले होगा टीकाकरण
लम्पी बीमारी की आशंका को देखते हुए वाराणसी का पशुपालन विभाग आसपास के जिलों से सटे गांवों पर विशेष नजर रख रहा है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आलोक सिंह ने बताया कि गाजीपुर और चंदौली से सटे वाराणसी के गांवों में प्राथमिकता के आधार पर टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है तथा अन्य क्षेत्रों में भी निर्धारित लक्ष्य के अनुसार गोवंश का टीकाकरण किया जा रहा है।
टीकाकरण के लिए बनाई गईं 39 टीमें
सीवीओ डॉ. आलोक सिंह के अनुसार, वाराणसी में पशु गणना वर्ष 2024--25 के मुताबिक लगभग 1,37,279,गोवंश हैं। अभियान के तहत लक्ष्य के अनुसार गोवंश का टीकाकरण किया जा रहा है। इसके लिए पशुपालन विभाग की 39 टीमें लगाई गई हैं। इनमें छह मोबाइल वेटरनरी वैन भी शामिल हैं, जो गांव-गांव जाकर पशुपालकों को टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध करा रही हैं। उन्होंने बताया कि निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार 7 माह से अधिक गर्भित गोवंशों और 4 माह से कम उम्र के बछड़े का टीकाकरण नहीं किया जाता है।
पशुपालकों की मदद के लिए कंट्रोल रूम
लम्पी स्किन डिजीज को लेकर पशुपालकों की किसी भी समस्या और जानकारी के लिए वाराणसी में कंट्रोल रूम भी संचालित किया जा रहा है। पशुपालक बीमारी से संबंधित जानकारी, टीकाकरण या किसी अन्य सहायता के लिए 8887605941 पर संपर्क कर सकते हैं।

